अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया अपनी पहली ही प्रेस ब्रीफिंग को लेकर चर्चा में आ गई हैं. ब्रीफिंग के दौरान अपने परिवार का जिक्र करते हुए अचानक उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने पति की जगह राष्ट्रपति ट्रंप का नाम ले लिया. हालांकि, तुरंत गलती सुधारते हुए उन्होंने माहौल हल्का कर दिया, लेकिन यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
ADVERTISEMENT
सवाल के जवाब में क्या हुआ?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने उनसे सवाल किया था कि कैलिफोर्निया में रह रहे परिवार, बच्चों और व्हाइट हाउस की इस व्यस्त नौकरी के बीच वह कैसे तालमेल बिठाएंगी. इसका जवाब देते हुए केटी ने अपने पति की तारीफ करना शुरू किया और कहा कि उनके चार छोटे बच्चे हैं और परिवार उनकी पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ शाम का वक्त न बिताना उनके लिए स्वीकार्य नहीं है. इसी दौरान केटी की जुबान फिसली और वह ट्रंप को अपना पति कह बैठीं. उन्होंने कहा- मेरे प्रेसिडेंट... माफ कीजिए, मेरे पति...गलती का अहसास होते ही केटी खुद हंस पड़ीं और कमरे में मौजूद रिपोर्टर्स भी मुस्कुराने लगे, इसके बाद उन्होंने बात संभालते हुए आगे का जवाब पूरा किया.
14 मिनट में खत्म हुई ब्रीफिंग, उठे सवाल
केटी जकारिया की यह पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस सिर्फ करीब 14 मिनट ही चली. इस दौरान उन्होंने ऊर्जा नीति, टैरिफ और प्रशासन के कामकाज पर बात की, लेकिन सवाल सिर्फ तीन मीडिया संस्थानों से ही लिए. इसके तुरंत बाद उन्होंने यह कहकर ब्रीफिंग समाप्त कर दी कि राष्ट्रपति ट्रंप अलास्का दौरे के लिए रवाना हो रहे हैं. हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप करीब डेढ़ घंटे बाद निकले, जिसे लेकर कुछ पत्रकारों ने ब्रीफिंग को जल्दी खत्म करने पर सवाल उठाए. बाद में खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने केटी का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पहली ब्रीफिंग में बहुत अच्छा काम किया.
कौन हैं केटी जकारिया?
केटी जकारिया को 9 अक्टूबर को व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था. उन्होंने कैरोलिन लेविट की जगह ली है, जिन्होंने परिवार को समय देने के लिए पद छोड़ा था. कैलिफोर्निया की रहने वाली केटी पेशे से वकील और पॉलिटिकल कम्युनिकेटर हैं. वह होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट की प्रवक्ता और रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की प्रेस सचिव रह चुकी हैं. इसके अलावा वह ट्रंप की मीडिया कंपनी में वरिष्ठ सलाहकार भी रही हैं और लंबे समय से टीवी चैनलों पर ट्रंप की नीतियों का मजबूती से बचाव करती रही हैं. उनके पति टायलर जकारिया फिल्म निर्माण और कारोबार से जुड़े हैं.
ADVERTISEMENT


