अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के बीच भारत ने अपने निर्यात को लेकर भरोसा जताया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत की औद्योगिक नीतियों और उत्पादन क्षमता पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, भारत सरकार ने अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि देश में किसी भी सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता नहीं है। वहीं, उद्योग संगठन ASSOCHAM के सेक्रेटरी जनरल ने कहा है कि अमेरिकी टैरिफ से भारत के निर्यात लक्ष्य पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
ADVERTISEMENT
दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं की व्यापारिक नीतियों की जांच की है। अमेरिका का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां, PLI और मेक इन इंडिया जैसी योजनाएं उत्पादन क्षमता में असंतुलन पैदा कर रही हैं। इसी आधार पर भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने पर इसे 17 फीसदी तक करने का विकल्प भी दिया गया है।
भारत सरकार ने क्या दिया जवाब?
भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने आधिकारिक प्रतिक्रिया में कहा कि भारत ने अमेरिकी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से हिस्सा लिया है। सरकार के मुताबिक, भारतीय उद्योगों में किसी भी क्षेत्र में स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी यानी जरूरत से ज्यादा स्थायी उत्पादन क्षमता नहीं है। भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत जारी है और सभी व्यापारिक मुद्दों का समाधान इसी प्रक्रिया के जरिए होना चाहिए।
ASSOCHAM ने बताया निर्यात का गणित
ASSOCHAM के सेक्रेटरी जनरल ने कहा कि भारत का निर्यात करीब 15 फीसदी की दर से बढ़ रहा है और देश 500 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात का आंकड़ा पार कर चुका है। उनके मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच मर्चेंडाइज ट्रेड करीब 59 अरब डॉलर है। उन्होंने भरोसा जताया कि 31 मार्च 2027 तक भारत 1 ट्रिलियन डॉलर के कुल निर्यात का लक्ष्य हासिल कर सकता है।
उन्होंने बताया कि भारत ने 37 देशों के साथ 8 मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जिससे भारतीय कारोबारियों को नए बाजार मिल रहे हैं। PLI योजना के सभी 14 सेक्टर भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ASSOCHAM के सर्वे में उद्योगों के पास अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं पाई गई।
इस तरह भारत सरकार बातचीत के जरिए व्यापारिक विवाद सुलझाने पर जोर दे रही है, जबकि उद्योग जगत को भरोसा है कि नए बाजारों और मजबूत निर्यात व्यवस्था के दम पर भारत अमेरिकी टैरिफ की चुनौती का सामना कर सकता है।
ADVERTISEMENT


