"वे मान गए, क्योंकि मैंने कहा है!" रूस-यूक्रेन सीजफायर पर सवाल उठने पर भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

ऋषि सिंह

13 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 13 2026 4:54 PM)

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि रूस और यूक्रेन को हर हाल में समझौते की मेज पर आना ही होगा. उन्होंने युद्ध में हो रहे भारी नुकसान का जिक्र करते हुए कहा, यह युद्ध एक बड़ी तबाही है. क्या आपने इस महीने के आंकड़े देखे हैं? 32,000 लोग मारे गए हैं, जिनमें ज्यादातर युवा सैनिक थे. इस खूनी जंग को अब खत्म होना ही चाहिए.

NewsTak
Google CTA

रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक नया बयान चर्चा में आ गया है. ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देश ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने यानी 'एनर्जी सीजफायर' के लिए राजी हो गए हैं. हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि दोनों देशों ने तो इस समझौते की पुष्टि नहीं की है, तो ट्रंप भड़क गए और अपने चिर-परिचित अंदाज में बोले— "वे मान गए हैं, पता है क्यों? क्योंकि मैंने उनसे कहा है"

Read more!

"युद्ध तबाही है, इसे तुरंत रुकना चाहिए"

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि रूस और यूक्रेन को हर हाल में समझौते की मेज पर आना ही होगा. उन्होंने युद्ध में हो रहे भारी नुकसान का जिक्र करते हुए कहा, "यह युद्ध एक बड़ी तबाही है. क्या आपने इस महीने के आंकड़े देखे हैं? 32,000 लोग मारे गए हैं, जिनमें ज्यादातर युवा सैनिक थे. इस खूनी जंग को अब खत्म होना ही चाहिए."

ट्रंप का दावा बनाम जमीनी हकीकत: कहां फंसा पेंच?

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अचानक ऐलान कर दिया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के पावर प्लांट और तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं. लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का कहना है कि उन्हें ऐसे किसी समझौते की कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर ट्रंप और पुतिन के बीच कोई बात हुई है, तो अमेरिका को इसकी पूरी डिटेल साझा करनी चाहिए. वहीं ट्रंप के ऐलान के कुछ ही घंटों बाद यूक्रेन ने आरोप लगाया कि रूस ने कीव और खारकीव के बिजली संयंत्रों पर ड्रोन से हमले किए हैं. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब जमीन पर हमले रुक ही नहीं रहे, तो सीजफायर कैसा? रूस की तरफ से भी इस तथाकथित संघर्षविराम को लेकर कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है.

पुतिन तैयार हैं, लेकिन जेलेंस्की अड़ंगा लगा रहे हैं: ट्रंप

ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समझौता करने के लिए तैयार हैं, लेकिन जेलेंस्की की वजह से बात आगे नहीं बढ़ पा रही है. ट्रंप के मुताबिक, यूक्रेन युद्ध खत्म करने के कई मौके गंवा चुका है. इतना ही नहीं, ट्रंप ने हाल ही में यहां तक कह दिया था कि यूक्रेन को अब एक नया राष्ट्रपति चुनना चाहिए, जो जंग खत्म करा सके. हालांकि इस पर पलटवार करते हुए जेलेंस्की ने साफ किया था कि यूक्रेन का नेता कौन होगा, यह तय करना सिर्फ वहां की जनता का हक है, किसी बाहरी देश का नहीं. फिलहाल स्थिति यह है कि ट्रंप किसी भी तरह इस जंग को खत्म कराने की कोशिश में हैं और दोनों देशों पर समझौते का दबाव बना रहे हैं. लेकिन जमीन पर बमबारी थमने का नाम नहीं ले रही. अब देखना होगा कि ट्रंप के इस तीखे बयान के बाद रूस और यूक्रेन की तरफ से क्या कदम उठाया जाता है.