2019 में पाकिस्तान के खिलाफ हवाई ऑपरेशन के बाद देशभर में चर्चा में आए अभिनंदन वर्धमान अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे. भारतीय वायुसेना के पूर्व फाइटर पायलट और वीर चक्र विजेता अभिनंदन ने कमर्शियल एविएशन का रुख किया है. सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अगस्त में गोवा की रीजनल एयरलाइन FLY91 जॉइन की है. अब वह फाइटर जेट की जगह यात्री विमान उड़ाएंगे.
ADVERTISEMENT
FLY91 से जुड़े अभिनंदन
सूत्रों के अनुसार, अभिनंदन वर्धमान ने अगस्त में FLY91 जॉइन की है. वह एयरलाइन में पायलट की भूमिका में हैं. हालांकि, FLY91 ने उनकी नियुक्ति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़ी निजी जानकारी निजी मामला है. इसलिए इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती.
2019 में पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन से आए थे चर्चा में
अभिनंदन वर्धमान उस समय सुर्खियों में आए थे, जब फरवरी 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष हुआ था. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया था.
इस ऑपरेशन के दौरान उनका MiG-21 भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. विमान क्रैश होने के बाद अभिनंदन पाकिस्तान की सीमा में जा गिरे और उन्हें वहां हिरासत में ले लिया गया. करीब तीन दिन बाद उन्हें भारत को सौंप दिया गया था.
अभिनंदन के इस अभियान में दिखाई गई बहादुरी और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें वीर चक्र दिया गया था. यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है. उन्हें साल 2021 में इस सम्मान से नवाजा गया था.
फाइटर कॉकपिट से पैसेंजर विमान तक का सफर
भारतीय वायुसेना में फाइटर जेट उड़ाने वाले अभिनंदन की नई भूमिका उनके करियर में बड़ा बदलाव है. अब वह लड़ाकू विमान की जगह कमर्शियल पैसेंजर विमान के कॉकपिट में नजर आएंगे. FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी व्यावसायिक उड़ान सेवाएं शुरू की थीं. यह गोवा की रीजनल एयरलाइन है. फिलहाल कंपनी के बेड़े में ATR 72-600 के छह विमान शामिल हैं. एयरलाइन के दो प्रमुख ऑपरेशनल बेस गोवा और हैदराबाद में हैं.
अभिनंदन का फाइटर पायलट से कमर्शियल एयरलाइन पायलट बनने का सफर इसलिए भी खास है, क्योंकि उनकी पहचान लंबे समय तक 2019 के हवाई ऑपरेशन और उसके बाद दिखाए गए साहस से जुड़ी रही है. अब उनका एविएशन करियर एक नए क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है.
ADVERTISEMENT


