Abhishek Patel Profile: सिवान में AK-47 से प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग का आरोपी जवान अभिषेक पटेल कौन है ?

चंदन कुमार

• 03:17 PM • 27 Jul 2026

Abhishek Patel Profile: बिहार के सिवान में NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान AK-47 से हवाई फायरिंग करने के आरोप में निलंबित जवान अभिषेक पटेल चर्चा में हैं. वायरल वीडियो के बाद पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया. जानिए अभिषेक पटेल कौन हैं, वे किस यूनिट में तैनात थे, सिवान के गांधी मैदान में प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ और पूरे मामले पर अब तक क्या कार्रवाई हुई.

Abhishek Patel
Abhishek Patel
Google CTA

Abhishek Patel Profile: नीट पेपर लीक विरोध के दौरान सिवान में प्रदर्शन के बीच AK-47 से हवाई फायरिंग करने के आरोपी जवान को निलंबित कर दिया गया है. फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सवाल ये है कि आखिर यह जवान कौन है और उसने ऐसा क्यों किया ? 

Read more!

पहले जानिए पूरा मामला

नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को बिहार बंद के दौरान हुए उग्र प्रदर्शन के बीच सिवान में AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले जवान को निलंबित कर दिया गया है. ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए जवान को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. 

कौन हैं फायरिंग करने वाले जवान? 

मिली जानकारी के मुताबिक फायरिंग करने वाले जवान का नाम अभिषेक पटेल है. अभिषेक पटेल एसआईटी टीम में तैनात हैं. प्रदर्शन के दिन इनकी ड्यूटी सिवान के गांधी मैदान इलाके में थी. 

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सिवान के गांधी मैदान में जुटने लगे थे. इसके बाद प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने शहर के कई हिस्सों में हंगामा किया, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी और गांधी मैदान व जेपी चौक के पास पुलिस पर पथराव किया. इस दौरान सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुराण कुमार झा घायल हो गए थे. उनके पैर में चोट आई लगी थी. वहीं कई पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद पत्रकार भी पथराव की चपेट में आकर घायल हुए थे.

वीडियो में फायरिंग करते दिखा था जवान

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो लाठीचार्ज किया गया. इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया. इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया. वीडियो वायरल होने के बाद इस कार्रवाई पर सवाल उठे, जिसके बाद विभागीय जांच शुरू की गई.

प्रारंभिक जांच में जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कराई जा रही है. यदि जांच में किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

यहां देखें वीडियो

सिवान में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग करने वाला जवान सस्पेंड, बिहार बंद के दौरान चलाई थी गोली