अमरावती: लड़कियों के 350 वीडियो बनाने वाले अयान पर बड़ा एक्शन, घर जमींदोज, एक और साथी अरेस्ट

Amravati Video Scandal: महाराष्ट्र के अमरावती में 180 लड़कियों को जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले मुख्य आरोपी अयान तनवीर के अवैध घर पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया है. इस मामले में वीडियो वायरल करने वाले दूसरे आरोपी उजेर खान को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पीड़ितों की पहचान गोपनीय रखते हुए जांच में जुटी है.

amravati
amravati

धनंजय साबले

follow google news

Amravati Video Scandal: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा में हुए चर्चित वीडियो कांड में प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. 180 से ज्यादा लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले मुख्य आरोपी अयान तनवीर के घर को बुलडोजर से ढहा दिया गया है.

Read more!

अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा

नगर पालिका प्रशासन की टीम आज भारी पुलिस बल के साथ अयान तनवीर के घर पहुंची, पहले प्रशासन ने घर पर नोटिस चस्पा किया और फिर जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया. कार्रवाई के दौरान इलाके में तनाव को देखते हुए भारी सुरक्षा तैनात की गई थी. हालांकि प्रशासन इसे अवैध निर्माण के खिलाफ नियमित कार्रवाई बता रहा है, लेकिन इसे आरोपी के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

दूसरा आरोपी उजेर खान गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए उजेर खान इकबाल खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, उजेर ने ही मुख्य आरोपी अयान के फोन से आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए थे और उन्हें अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाया था. पुलिस अब उजेर से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके.

350 से ज्यादा वीडियो 

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अयान ने करीब 180 लड़कियों को झांसे में लेकर उनके 350 से ज्यादा संवेदनशील वीडियो बनाए थे. पुलिस की साइबर सेल अब आरोपी के मोबाइल से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश कर रही है. माना जा रहा है कि डेटा रिकवरी के बाद इस मामले में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं.

पीड़ितों को सुरक्षा का भरोसा

अमरावती पुलिस ने पीड़ितों की पहचान को पूरी तरह गुप्त रखने का वादा किया है. महिला पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई है जो पीड़ितों से संपर्क कर रही है. पुलिस ने साफ किया है कि कोई भी पीड़िता किसी भी थाने में 'जीरो एफआईआर' दर्ज करा सकती है. 

स्थानीय आक्रोश बढ़ा

घटना के बाद से अचलपुर और परतवाड़ा इलाके में भारी गुस्सा है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच (SIT) की मांग की है. वहीं, आरोपी के राजनीतिक संबंधों की चर्चाओं के बीच संबंधित दल ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को पहले ही संगठन से बाहर निकाला जा चुका है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है.

    follow google news