180 लड़कियां....350 वीडियो! आखिर क्या है अमरावती वीडियो कांड का पूरा मामला, आरोपियों से क्या जानकारी मिली?

अमरावती के परतवाड़ा मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उस पर 180 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण करने और 350 अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप है. पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है.

Amravati video scandal
Amravati video scandal

धनंजय साबले

follow google news

Amravati video scandal: महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर रख दिया है. पुलिस ने 19 साल के एक युवक मोहम्मद अयान अहमद उर्फ तनवीर अहमद को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने करीब 180 नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण किया और 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो बनाए. शुरुआत में यह मामला कुछ वायरल क्लिप्स का समझा जा रहा था लेकिन वह अब एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है. पुलिस ने इस मामले में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए उजेर खान इकबाल खान को गिरफ्तार किया है.

Read more!

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाकर मुंबई और पुणे जैसे शहरों में ले जाता था. वहां उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाते थे, जिनका इस्तेमाल बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने और वेश्यावृत्ति के दलदल में धकेलने के लिए किया जाता था. इनमें से कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो चुके हैं, जिन्हें अब साइबर सेल हटाने की कोशिश कर रही है.

नेताओं की शिकायत के बाद एक्शन

इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे और बीजेपी प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने पुलिस से इसकी शिकायत की. सांसद ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इस मामले में एसआईटी गठित करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी.

कैसे फैला वीडियो का जाल?

जांच में पता चला है कि पकड़े गए नए आरोपी उजेर खान ने मुख्य आरोपी अयान अहमद के फोन से आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए थे. इसके बाद उसने इन्हें सोशल मीडिया पर फैला दिया. पुलिस अब उजेर को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये वीडियो और किन-किन लोगों तक पहुंचे हैं.

पीड़ितों की पहचान कर रही टीम

मुख्य आरोपी अयान अहमद पहले ही 21 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में है. उसके मोबाइल से पुलिस को कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं. खबर है कि वीडियो में करीब 180 लड़कियां दिख रही हैं, जिनमें से अब तक 8 की पहचान हो चुकी है.

महिला पुलिस अधिकारी पीड़ितों से संपर्क कर रही हैं ताकि वे सुरक्षित महसूस करें. सबसे अहम बात यह है कि आरोपी ने पकड़े जाने के डर से काफी डेटा डिलीट कर दिया था, जिसे साइबर एक्सपर्ट्स रिकवर करने में जुटे हैं.

इलाके में तनाव 

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है. विरोध प्रदर्शनों और बंद के आह्वान को देखते हुए परतवाड़ा में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति इन वीडियो या फोटो को सोशल मीडिया पर शेयर करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

राजनीतिक घमासान जारी 

इस मामले ने अब राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है. विपक्ष जहां कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है, वहीं आरोपी के राजनीतिक संबंधों की भी चर्चा हो रही है. पुलिस ने कहा कोई भी पीड़िता किसी भी थाने में 'जीरो FIR' दर्ज करा सकती है, और उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी.

    follow google news