Andhra Pradesh Bus Accident: आंध्र प्रदेश के मारकापुरम जिले में रायवरम के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां रायावरम के पास एक प्राइवेट बस और टिपर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते कुछ की पलों में पूरी बस धूं धू कर जलने लगी. आज तक की खबर के अनुसार इस घटना में अब तक 10 लोगों के मौत की खबर है. हादसे के दौरान कई यात्रियों के बस में जिंदा जलने की खबर है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया और घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया. वहीं घटना पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया है और हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं.
ADVERTISEMENT
तेलंगाना से नेल्लोर जा रही थी बस
पुलिस के मुताबिक ये हादसा मार्कापुरम जिले के रायावरम के पास खदान वाले इलाके में हुआ. यह निजी बस तेलंगाना के निर्मल शहर से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की तरफ जा रही थी. बुधवार की देर रात और गुरुवार की सुबह के बीच जब बस क्वारी क्षेत्र के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे टिपर ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ने देखते ही देखते आग पकड़ ली. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला.
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
इस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख व्यक्त किया है. उन्होंने इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया. सीएम ने अधिकारियों को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही प्रशासन को पूरी घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.
ADVERTISEMENT


