Andhra Pradesh: पैर धोते समय नदी में फिसली नाबालिग, बचाने उतरे 5 जांबाज डूबे, बच्ची सुरक्षित

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में तुंगभद्रा नदी किनारे पैर धोते समय एक नाबालिग लड़की फिसलकर पानी में गिर गई. उसे डूबता देख बचाने के लिए 5 लोग नदी में कूद गए. लड़की को तो सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण पांचों लोग नदी में डूब गए। प्रशासन शवों की तलाश कर रहा है.

Andhra Pradesh
Andhra Pradesh

न्यूज तक डेस्क

follow google news

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में इंसानियत और हादसे की एक ऐसी दर्दनाक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. शनिवार शाम तुंगभद्रा नदी में डूबी एक नाबालिग लड़की की जान तो बच गई, लेकिन उसे बचाने की कोशिश में 5 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी. यह हादसा जितना बहादुरी का है, उतना ही बड़ा शोक पूरे इलाके में फैल गया है.

Read more!

पैर धोते समय हुआ हादसा

घटना शनिवार शाम करीब 4:30 बजे की है. मंत्रालयम इलाके के पास से गुजरने वाली तुंगभद्रा नदी के किनारे कुछ लोग मौजूद थे. इसी दौरान एक नाबालिग लड़की नदी के किनारे अपने पैर साफ कर रही थी. तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरी. नदी का बहाव तेज होने के कारण वह तेजी से बहने लगी और डूबने लगी.

एक-एक कर नदी में कूद गए 5 लोग

लड़की को पानी में डूबता और मदद के लिए छटपटाता देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बिना वक्त गंवाए एक शख्स ने बच्ची को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी. इसके बाद उसे सहारा देने के लिए दूसरा, तीसरा और देखते ही देखते कुल 5 लोग नदी के भीतर चले गए. इन सभी लोगों ने मिलकर लड़की को तो सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बदकिस्मती से वे खुद नदी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए.

SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

मदद के लिए आगे आए ये पांचों लोग नदी की तेज धार में बह गए और लापता हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में कोहराम मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए.

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF को बुलाया गया है. नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर डूबे हुए लोगों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, जान गंवाने वाले लोग पास के ही गांवों के रहने वाले थे.

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से जलस्रोतों के पास अलर्ट रहने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि नदियों, नहरों और तालाबों का जलस्तर इस समय अनियंत्रित हो सकता है, इसलिए पानी के किनारे जाते समय विशेष सावधानी बरतें. खासकर बच्चों को अकेले नदी या नहरों के पास न जाने दें.

    follow google news