राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव तथा अनुष्का यादव के बीच जारी जुबानी जंग में एक नया और अनूठा मोड़ सामने आया है. जिस अनुष्का यादव के खिलाफ तेज प्रताप ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए थे, उसी अनुष्का ने अब मीडिया के सामने आकर तेज प्रताप की लंबी उम्र और दीर्घायु होने की कामना की है. यह पूरा मामला पटना के कदमकुआं स्थित रूप चंद भगत उत्सव हॉल से शुरू हुआ, जहां एक तरफ तेज प्रताप यादव ने साजिश का दावा किया तो दूसरी तरफ अनुष्का यादव एक सार्वजनिक कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में नजर आईं.
ADVERTISEMENT
तेज प्रताप ने X (ट्विटर) पर जताई साजिश की आशंका
कार्यक्रम से ठीक पहले तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर सनसनी फैला दी. उन्होंने लिखा:
"आज पटना के कदमकुआँ स्थित रूप चंद भगत उत्सव हॉल में मेरे खिलाफ एक बड़ी साजिश रची जा रही है."तेज प्रताप के इस बयान के बाद पटना के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
बेटी और भाई संग उद्घाटन करने पहुंचीं अनुष्का यादव
तेज प्रताप यादव की इस पोस्ट के बावजूद अनुष्का यादव उसी रूप चंद भगत उत्सव हॉल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचीं. इस दौरान उनके साथ उनका भाई और बेटी भी मौजूद थे. उद्घाटन के बाद 'आज तक' के कैमरे पर बातचीत करते हुए अनुष्का यादव ने तेज प्रताप द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी. तेज प्रताप के आरोपों पर जवाब देते हुए अनुष्का ने कहा, "मैं उनकी बातों और आरोपों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देती हूं." उन्होंने आगे कहा कि जिन्होंने (तेज प्रताप ने) आरोप लगाए हैं, वही उनका जवाब देंगे. वे खुद इन विवादों में पड़कर कोई जवाब नहीं देना चाहतीं. अपने खिलाफ लगातार हो रहे जुबानी हमलों के बावजूद अनुष्का यादव ने बड़प्पन दिखाते हुए कहा, मैं तो बस ईश्वर से उनके (तेज प्रताप यादव के) दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करती हूं.
ADVERTISEMENT


