नर्मदा जिले में बदलाव से साफ, 2027 में गुजरात में बनेगी ''आप'' की सरकार- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने गुजरात के नर्मदा जिले में विजय यात्रा के दौरान कहा कि 2027 में गुजरात में AAP की सरकार बनना तय है. उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर गुजरात को मिलकर लूटने का आरोप लगाया और आदिवासी समाज को बदलाव की चिंगारी बताया.

NewsTak
तस्वीर: अरविंद केजरीवाल के सोशल मीडिया X से.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुजरात के नर्मदा जिले में पार्टी की सरकार बनने पर आयोजित भव्य विजय यात्रा में शामिल हुए और जनता का धन्यवाद किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि नर्मदा की जनता ने बदलाव लाकर साफ कर दिया है कि 2027 में गुजरात में ‘‘आप’’ की सरकार बननी तय है. आदिवासी समाज ने नर्मदा ज़िले में ‘‘आप‘‘ की सरकार बनाकर भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारा है. यह पहली बार है, जब गुजरात के अंदर किसी जिले में कांग्रेस-भाजपा के अलावा किसी तीसरी पार्टी यानि ‘‘आप’’ की सरकार बनी है. उन्होंने कहा कि जो चिंगारी आदिवासी समाज ने शुरू की है, वो पूरे गुजरात में फैलेगी और 2027 में गुजरात में ‘‘आप’’ की सरकार बनेगी.

Read more!

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली से नर्मदा जिले की जनता का तहे दिल से शुक्रिया अदा करने आया हूं. जिस तरह से लोगों ने नर्मदा जिले में विश्वास जताकर और प्यार देकर आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई है, उसके लिए मैं जनता को बहुत-बहुत धन्यवाद और शुभकामनाएं देता हूं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 75 साल में गुजरात में राज्य स्तर हो या जिला स्तर, केवल कांग्रेस या भाजपा की ही सरकार बनती थी. लोग कहते थे कि गुजरात में तीसरी पार्टी हो ही नहीं सकती. तीसरी पार्टी का यहां कोई वजूद नहीं है. लेकिन नर्मदा जिले के लोगों ने पहली बार तीसरी पार्टी यानी आम आदमी पार्टी की सरकार बना दी है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह दिखाता है कि गुजरात के लोग बदलाव चाहते हैं. आज जो नर्मदा जिले के लोगों ने करके दिखाया है, कल वह पूरा गुजरात करके दिखाएगा. आदिवासी क्षेत्र और नर्मदा जिले से लोगों ने जो चिंगारी शुरू की है, अब वह पूरे गुजरात में फैलेगी और 2027 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी. यह किसी क्रांति से कम नहीं है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 30 साल से भाजपा ने भ्रष्टाचार, दमन और अत्याचार कर रखा है. वे जिसे चाहते हैं पकड़कर जेल में डाल देते हैं, डराते-धमकाते हैं और झूठे केस करते हैं. पहले लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था, क्योंकि भाजपा और कांग्रेस दोनों मिले हुए हैं. दोनों पार्टियों के बीच बड़ा भाईचारा है, उनके जॉइंट धंधे चल रहे हैं, रिश्तेदारियां हैं और आपस में शादी-ब्याह होते हैं. ये दोनों अलग-अलग पार्टियां नहीं हैं, बल्कि दोनों मिलकर गुजरात को लूट रही हैं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केवल आम आदमी पार्टी ही जनता के लिए लड़ रही है. अगर जेल जाना हो, तो कांग्रेस के नेता कभी जेल नहीं जाते, लेकिन आम आदमी पार्टी के नेता चौतर वसावा जेल जाते हैं. भाजपा ने चैतर वसावा को कई दिनों तक जेल में रखा, लेकिन इस बार नर्मदा जिले में सरकार बनाकर पूरे आदिवासी समाज ने भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारा है.

अरविंद केजरीवाल ने संगीता बहन और अंजना बहन से कहा कि पूरा गुजरात ही नहीं, बल्कि पूरा देश देख रहा है. नर्मदा जिले में जो सरकार बनी है, उसे ईमानदारी के साथ बहुत अच्छा काम करना है. लोगों ने जो विश्वास जताया है, उसे पूरा करना है और जनता की सेवा करनी है, ताकि गुजरात के सभी लोग कहें कि देखो, नर्मदा जिले में कितना अच्छा काम हो रहा है. जब सब लोग यह देखेंगे तो पूरे गुजरात में नर्मदा जिले की बात फैलेगी.

    follow google news