Kaziranga Accident News: असम के काजीरंगा में रोंगाजन के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और पैसेंजर ट्रैवलर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने हादसे में 23 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्रियों से भरी ट्रैवलर बोकाखाट से नागांव की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि वाहन में सवार यात्रियों में ज्यादातर छात्र शामिल थे.
ADVERTISEMENT
जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन, अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कई यात्री अंदर ही फंस गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया है. क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे अन्य लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है.
सामने आई ट्रैवलर के पुराने चालानों की कुंडली
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर वाहन के ट्रैफिक चालानों की डिटेल भी सामने आई है. रिकॉर्ड के अनुसार, इस वाहन के पहले 12 चालान भरे जा चुके हैं, जिनकी कुल राशि 38,500 रुपये थी, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अभी भी बकाया है. बताया जाता है कि असम में किसी कमर्शियल वाहन द्वारा तय सीमा से अधिक तेज गति (ओवरस्पीडिंग) से वाहन चलाने पर 4,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है.
मौके पर पहुंचे मंत्री अतुल बोरा, राहत कार्यों का लिया जायजा
असम के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों की निगरानी की. हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "गुवाहाटी से लौटते समय मैंने यह बेहद दुखद घटना देखी. कई छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई थी. हमने घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की. मैंने अपनी एक गाड़ी भेजी और स्थानीय आम लोग भी अपनी गाड़ियां लेकर आगे आए तथा बचाव कार्य में मदद की. ऐसी भयावह घटना पहले कभी नहीं हुई है."
सीएम हेमंत बिस्व सरमा ने जताया दुख
सीएम हेमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट के जरिए बताया- ''आज काज़ीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है. इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है और जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.''
इनपुट: पूरना बिकास
ADVERTISEMENT


