पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ब्रायन टायलर कोहेन के पॉडकास्ट में एलियंस से जुड़े सवाल पर ओबामा ने कहा कि "एलियंस हो सकते हैं, लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा है. वे एरिया 51 में छिपे नहीं हैं और कोई बड़ा कवर-अप नहीं है."
ADVERTISEMENT
यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई. कई यूजर्स ने इसे एलियंस के अस्तित्व की पुष्टि बताया जबकि कई मीडिया रिपोर्ट्स ने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में दिया गया जवाब बताया है.
पॉडकास्ट में क्या कहा?
14 फरवरी 2026 को प्रसारित हुए इस पॉडकास्ट में ब्रायन टायलर कोहेन ने जब ओबामा से सीधे शब्दों में पूछा गया कि क्या एलियंस वाकई होते हैं?
इस पर ओबामा ने मुस्कराते हुए जवाब दिया, "वे असली हैं, लेकिन मैंने उन्हें कभी अपनी आंखों से नहीं देखा." उन्होंने उन थ्योरीज को पूरी तरह खारिज कर दिया जिनमें कहा जाता है कि अमेरिकी सरकार ने 'एरिया 51' में एलियंस या उनके जहाजों को छिपाकर रखा है. ओबामा ने साफ किया कि उनके राष्ट्रपति रहते हुए ऐसा कोई गुप्त कवर-अप नहीं मिला.
पुराने वीडियो ने बढ़ाई हलचल
ओबामा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके पुराने इंटरव्यू भी वायरल होने लगे हैं. साल 2015 में 'जिमी किमेल लाइव' शो के दौरान उन्होंने मजाक में कहा था कि एलियंस इंसानों पर सख्त नियंत्रण रखते हैं और वे राज खोलने नहीं देंगे. हालांकि, जानकारों का कहना है कि ओबामा का यह अंदाज हमेशा से मजाकिया (Tongue-in-cheek) रहा है और इसे आधिकारिक पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए.
क्या कोई बड़ा राज छिपा है?
ओबामा पहले भी स्वीकार कर चुके हैं कि आसमान में ऐसी कई चीजें देखी गई हैं (जिन्हें अब UAP कहा जाता है), जिनकी गति और उड़ने का तरीका विज्ञान की समझ से बाहर है. लेकिन उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि वे एलियंस ही हैं. उन्होंने इसे तकनीकी खामी या ड्रोन होने की संभावना भी बताया है.
चर्चा के पीछे की वजह
इंटरनेट पर इस चर्चा के गर्म होने की एक वजह यह भी है कि मौजूदा राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि डोनाल्ड ट्रंप जुलाई 2026 में एलियंस को लेकर कोई बड़ा खुलासा कर सकते हैं. ऐसे में ओबामा का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT

