देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में बना Deep Depression अब पूर्वी और मध्य भारत की तरफ असर दिखा रहा है. इसके चलते उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ समेत कई इलाकों में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग ने 25 सितंबर को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा. कुछ जगहों पर हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
दिल्ली-NCR में भी मौसम बदल सकता है. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में 25 सितंबर को बारिश होने की संभावना है. यहां 29 सितंबर तक बादल, हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है.
यूपी में आज से फिर तेज बारिश
उत्तर प्रदेश में इस मौसम सिस्टम का असर खास तौर पर पूर्वांचल में देखने को मिल रहा है. 24 सितंबर को पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई. अब 25 और 26 सितंबर को भी यहां भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ और बलिया में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा है.
सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, चंदौली, भदोही, सोनभद्र, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और अंबेडकर नगर में भी मौसम बिगड़ सकता है.
यानी पूर्वी यूपी में अगले दो दिन लोगों को बारिश के साथ तेज हवाओं और बिजली को लेकर भी सावधान रहना होगा.
बिहार में बारिश के साथ गरज-चमक
बिहार में भी 25 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी. कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान तेज हवा चलने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. ऐसे में खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है.
झारखंड के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में अगले 24 घंटे काफी अहम रहने वाले हैं. रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के 11 अन्य जिलों में येलो अलर्ट है. यहां भी बारिश के साथ तेज हवा और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
राजस्थान में 27 सितंबर तक बारिश
राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. खासकर पूर्वी राजस्थान में 25 सितंबर को कई जगह बारिश हो सकती है. जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं और चित्तौड़गढ़ में बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी राजस्थान में 27 सितंबर तक बारिश का असर बना रह सकता है. पश्चिमी राजस्थान भी पूरी तरह सूखा नहीं रहेगा. जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, नागौर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, पाली, बालोतरा, फलोदी और सिरोही में कुछ जगह बारिश हो सकती है.
MP और छत्तीसगढ़ में 70 Kmph तक हवाएं
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश तेज रहने वाली है. पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा विदर्भ के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है.
छत्तीसगढ़ में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है. यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. बारिश के दौरान आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा.
महाराष्ट्र के इन इलाकों में भारी बारिश
महाराष्ट्र में अनंत चतुर्दशी के दिन कोंकण इलाके में बारिश अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है. लेकिन मराठवाड़ा और विदर्भ में तस्वीर अलग रहेगी. छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, लातूर, परभणी, बीड, जालना, धाराशिव, हिंगोली और अंबाजोगाई में कुछ जगह तेज बारिश हो सकती है. भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और गोंदिया में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
बंगाल और ओडिशा में भी जमकर बरसेंगे बादल
Deep Depression का सीधा असर पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मौसम पर भी पड़ रहा है. 25 सितंबर से शनिवार तक पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम के अलावा दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में भी बारिश का अनुमान है.
समुद्र में मौसम खराब होने की वजह से IMD ने पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के पास मछुआरों को शुक्रवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. इस दौरान समुद्र में हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. ओडिशा में भी 25 सितंबर को कई इलाकों में बारिश होगी. कुछ जगह बहुत भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिर सकती है.
पहाड़ों से दक्षिण भारत तक मौसम एक्टिव
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 25 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है. इन राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.पूर्वोत्तर भारत में भी लगभग सभी राज्यों में बारिश का असर रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है.
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश हो सकती है. रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में बारिश का अनुमान है. इसके अलावा तटीय कर्नाटक, उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी बारिश हो सकती है. तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में आंधी और गरज-चमक को लेकर चेतावनी दी गई है.
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 25 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
ADVERTISEMENT


