बेंगलुरु में कर्ज वसूली का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि लोन की रकम और ब्याज नहीं चुका पाने पर एक महिला को अगवा कर लिया गया. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाया गया. आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद कर लिया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें रेशमा बानू, नाजत और सुहैल शामिल हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
दो लोगों से लिया था कर्ज
पुलिस के मुताबिक, महिला ने करीब दो साल पहले रेशमा बानू से 1 लाख रुपये उधार लिए थे. इसके बाद रेशमा के जरिए उसने नाजत से भी 50 हजार रुपये कर्ज लिया था.
आर्थिक परेशानी बढ़ने के बाद महिला पिछले करीब छह महीने से ब्याज नहीं चुका पा रही थी. वहीं, दो महीने से उसने किस्त भी नहीं दी थी. इसके बाद उसने रेशमा का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और अपनी मां के घर चली गई.
काम दिलाने के बहाने घर बुलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, नाजत ने महिला को कथित तौर पर काम दिलाने के बहाने अपने घर बुलाया था. आरोप है कि वहां पहले से रेशमा बानू और उसका पति सुहैल मौजूद थे.
तीनों ने महिला के साथ मारपीट की. आरोप है कि उसके साथ चाकू से भी हमला किया गया. इसके बाद उसे जबरन ऑटो रिक्शा में बैठाया गया और वहां से दूसरी जगह ले जाया गया.
कुंबलगोडु के पास बनाया बंधक
आरोपियों ने चाकू की नोक पर महिला को कुंबलगोडु के पास स्थित एक घर में ले जाकर कथित तौर पर बंधक बना लिया. यहां भी उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है.
महिला ने आरोप लगाया है कि कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो भी बनाया गया. साथ ही आरोपियों ने कर्ज की रकम नहीं देने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी.
शिकायत के बाद शुरू हुई तलाश
महिला के लापता होने के बाद उसकी शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने महिला को बरामद कर लिया. इसके बाद रेशमा बानू, नाजत और सुहैल को गिरफ्तार कर लिया गया. चंद्रालेआउट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
रिपोर्ट: सगाय राज
ADVERTISEMENT


