गुजरात के भरूच जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. आरोप है कि यहां एक 63 साल के बुजुर्ग ट्यूशन टीचर ने अपनी ही 13 साल की छात्रा के साथ रेप किया. इस घिनौनी करतूत का खुलासा तब हुआ जब मासूम छात्रा गर्भवती हो गई. पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला भरूच के अंकलेश्वर तहसील का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची पिछले कुछ समय से 63 वर्षीय आरोपी टीचर के पास ट्यूशन पढ़ने जा रही थी. आरोपी शिक्षक ने पढ़ाई के बहाने मासूम का भरोसा जीता और फिर रविवार को एक्स्ट्रा क्लास के नाम पर उसे अकेले बुलाना शुरू कर दिया. इसी दौरान उसने बच्ची के साथ कई बार गलत काम किया.
आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को डरा-धमका कर चुप करा दिया था. उसने छात्रा को किसी को कुछ भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. डर के मारे बच्ची काफी समय तक खामोश रही लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ने पर सच्चाई सामने आ गई.
डॉक्टर की जांच में हुआ खुलासा
जब बच्ची को लगातार पेट में दर्द रहने लगा तो परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए. महिला डॉक्टर ने जब जांच की तो रिपोर्ट देखकर सब दंग रह गए. मासूम करीब डेढ़ महीने की प्रेग्नेंट थी. परिजनों के बार-बार पूछने पर छात्रा फूट-फूट कर रोने लगी और टीचर की पूरी करतूत बयां कर दी.
पुलिस की कार्रवाई
बच्ची की मां की शिकायत पर अंकलेश्वर बी-डिवीजन पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है. पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. थाना प्रभारी शुभेंदु फुलतरिया ने बताया कि आरोपी पिछले 4 साल से ट्यूशन पढ़ा रहा था उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT

