झारखंड के धनबाद जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां भाजपा के एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. गोविंदपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों का आरोप है कि अमृत दास की हत्या उनकी दोनों पत्नियों ने मिलकर की है.
ADVERTISEMENT
बाजार से लौटते ही शुरू हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, अमृत दास ने दो सगी बहनों से शादी की थी. घटना के एक दिन पहले वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ बाजार गए थे. वहां से लौटने के बाद घर में विवाद काफी बढ़ गया था. इसके कुछ देर बाद ही उनकी रहस्यमयी तरीके से मौत की खबर सामने आई.
मां और बहन ने लगाया हत्या का आरोप
अमृत दास की मां और बहन ने सीधे तौर पर उनकी दोनों पत्नियों पर मारपीट और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. बहन का कहना है कि "मेरा एक ही भाई था, दोनों पत्नियों ने झगड़े के बाद मिलकर उसे मार डाला." परिवार का दावा है कि घर में अक्सर कलेश रहता था और इसी झगड़े ने जान ले ली.
क्या कहती है पुलिस?
गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं.
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है.
ADVERTISEMENT


