BREAKING: नागपुर में बड़ा हादसा, बारूद फैक्ट्री में विस्फोट से 15 की मौत, 18 की हालत नाजुक, आसमान तक उठीं आग की लपटें

नागपुर के काटोल में 'SBL एनर्जी' बारूद फैक्ट्री में शनिवार को बड़ा धमाका हुआ. इस हादसे में 15 मजदूरों की मौत हो गई और 18 घायल हैं. धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई.

nagpur
nagpur

न्यूज तक डेस्क

follow google news

महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां काटोल इलाके में स्थित एक बारूद बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. इस हादसे में अब तक 15 मजदूरों की जान जा चुकी है, जबकि 18 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है.

Read more!

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 'SBL एनर्जी' नाम की कंपनी में हुई. यहां रोजाना की तरह बारूद बनाने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने पुष्टि की है कि मलबे और आग की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत हो गई है. मौके पर अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है.

नागपुर शहर से करीब 80 किलोमीटर फैक्ट्री

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन में खलबली मच गई. पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने अधिकारियों से बात कर फौरन मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. जिला कलेक्टर भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. यह फैक्ट्री नागपुर शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित है. आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी कुछ और लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है.

    follow google news