कौन-कौन आएगा, किससे मिलेंगे PM मोदी? BRICS Day 2 का पूरा कार्यक्रम

न्यूज तक डेस्क

13 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 13 2026 8:40 AM)

BRICS Summit के दूसरे दिन भारत मंडपम में दुनिया के कई बड़े नेता जुटेंगे. फैमिली फोटो के बाद समावेशी वैश्विक विकास पर ओपन सेशन होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के नेताओं से सात द्विपक्षीय बैठकें करेंगे.

NewsTak
Google CTA

दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है. भारत मंडपम में एक बार फिर दुनिया के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा होगा. दिन की शुरुआत BRICS के साझेदार और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेताओं और मंत्रियों के आगमन से होगी. इसके बाद सभी नेता फैमिली फोटो में शामिल होंगे.

Read more!

दूसरे दिन का सबसे अहम कार्यक्रम शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन होगा. इसमें वैश्विक विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. बैठक की थीम 'Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth' रखी गई है. यानी चर्चा का फोकस लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास पर रहेगा.

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा दिन द्विपक्षीय बैठकों से भी भरा रहेगा. PM मोदी कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे.

सुबह से शुरू होगा नेताओं का पहुंचना

BRICS Summit Day 2 की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे होगी. इस दौरान भारत मंडपम के लेवल 2 पर BRICS पार्टनर देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेता और मंत्री पहुंचेंगे.

इसके बाद सुबह 10:35 बजे फैमिली फोटो होगी. वहीं 10:50 बजे समिट हॉल में ओपन सेशन शुरू होगा. इसमें समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य को लेकर नेताओं के विचार सामने आएंगे.

PM मोदी की 7 द्विपक्षीय बैठकें

  • दोपहर 2:30 बजे: कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव
  • दोपहर 3:00 बजे: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर
  • दोपहर 3:30 बजे: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी
  • शाम 4:10 बजे: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा
  • शाम 4:40 बजे: बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये
  • शाम 5:10 बजे: नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा
  • शाम 5:40 बजे: युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो

इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों के साथ व्यापार, रणनीतिक सहयोग, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है.

पहले दिन भी दिखी PM मोदी की सक्रिय कूटनीति

BRICS सम्मेलन का पहला दिन भी भारत के लिए काफी अहम रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत की. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार सहित कई विषयों पर बातचीत हुई.

पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक भी देखने को मिली. मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल को खास बना दिया.

नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर बनी सहमति

BRICS सम्मेलन के पहले दिन की बड़ी उपलब्धियों में नई दिल्ली घोषणा-पत्र भी शामिल रहा. इसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे मुद्दों पर BRICS देशों का साझा रुख सामने आया.

विदेशी मेहमानों का PM मोदी ने किया गर्मजोशी से स्वागत

BRICS सम्मेलन की मेजबानी में भारत की परंपरा और संस्कृति की झलक भी दिखाई दी. भारत मंडपम पहुंचने वाले विदेशी नेताओं का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने कई नेताओं से हाथ मिलाकर मुलाकात की और तस्वीरें भी खिंचवाईं.

इसके बाद अलग-अलग नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों का सिलसिला चला. इन मुलाकातों में व्यापार, रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा हुई. ऐसे में BRICS के दूसरे दिन भी भारत की कूटनीतिक सक्रियता पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी.