क्या है 2006 का वो मामला जिसमें CEC ज्ञानेश कुमार की जांच करेगी विजिलेंस? केरल सरकार का बड़ा फैसला

शिबिमोल

• 10:08 AM • 04 Oct 2026

CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के पुराने मामले में केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने दोबारा विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं. मामला ज्ञानेश कुमार के PWD सचिव रहते सरकारी ठेकों में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है.

NewsTak
Google CTA

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जुड़े एक पुराने विवाद में विजिलेंस जांच फिर से शुरू होने जा रही है. केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने इस पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराने के आदेश दे दिए हैं. यह मामला साल 2006 का है, जब ज्ञानेश कुमार केरल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के पद पर तैनात थे.

Read more!

ठेके बांटने में गड़बड़ी का आरोप

ज्ञानेश कुमार पर आरोप है कि PWD सचिव रहते हुए उन्होंने सरकारी कामों के ठेके देने में अनियमियतता बरती थी. इस मामले में शिकायतकर्ता मलयांकीझु वेणुगोपाल ने जांच की मांग की थी. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उस समय राजनीतिक और बाहरी दबाव का इस्तेमाल किया गया, जिसकी वजह से ज्ञानेश कुमार पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी. अब विजिलेंस इस बात की भी पड़ताल करेगी कि क्या सच में कोई बाहरी दबाव था.

मलेशियाई इंजीनियर की खुदकुशी का मामला

यह विवाद एक मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की खुदकुशी से भी जुड़ा हुआ है. ली सी बीन PATI-BEL कंसोर्टियम कंपनी से जुड़े थे, जो केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट के तहत एमसी रोड को सुधारने का काम कर रही थी. साल 2006 में ली सी बीन ने सुसाइड कर लिया था. दावा है कि उनके सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का नाम लिखा हुआ था.

पुरानी जांच की भी होगी समीक्षा

विजिलेंस विभाग इस मामले की जांच पहले भी कर चुका है. लेकिन शिकायतकर्ता का कहना है कि उस वक्त जांच को अचानक से बंद कर दिया गया था और मामले को दबाने की कोशिश की गई थी. गृह मंत्री के नए आदेश के बाद विजिलेंस अब यह भी देखेगी कि पिछली जांच किस स्थिति में बंद हुई थी और उसमें क्या कमियां रह गई थीं.

रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने विजिलेंस निदेशक को मामले के हर पहलू की गहराई से जांच करने को कहा है. इसमें पैसों की गड़बड़ी और बाहरी दबाव, दोनों बातों की जांच होगी. फिलहाल विजिलेंस की जांच जारी है और इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का कानूनी रास्ता तय किया जाएगा.