Charchit Chehra: कौन हैं बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर, जिनकी शादी ने मिटा दीं दो परिवारों की दूरियां? जानिए पूरी कहानी

न्यूज तक

• 12:28 PM • 08 Jul 2026

Charchit Chehra Anshula Kapoor: बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने रोहन ठक्कर संग शादी कर अपने जीवन की नई शुरुआत की, लेकिन यह शादी सिर्फ दो लोगों का नहीं बल्कि पूरे कपूर परिवार के रिश्तों के फिर से जुड़ने का प्रतीक बन गई. जानिए अंशुला की लव स्टोरी, करियर, परिवार और इस शादी से जुड़ी पूरी दिलचस्प कहानी.

Anshula Kapoor Wedding
Anshula Kapoor Wedding
Google CTA

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म मेकर बोनी कपूर के घर में इन दिनों खुशियों का माहौल है और शहनाई बजी है. बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग टर्म बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी रचा ली है. मुंबई के मशहूर होटल 'ताज लैंड्स एंड' में आयोजित हुई इस शादी में पूरा कपूर खानदान एक छत के नीचे नजर आया. साल 2018 में दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन के बाद कपूर परिवार के लिए यह पहला ऐसा मौका था, जब इतनी बड़ी खुशी को एक साथ मिलकर सेलिब्रेट किया गया है. इस शादी की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि इसके जरिए परिवार के सौतेले रिश्तों की कड़वाहट और दूरियां पूरी तरह खत्म होती नजर आईं.

Read more!

डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी अंशुला और रोहन की लव स्टोरी

अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की प्रेम कहानी बेहद दिलचस्प है. रोहन ठक्कर बॉलीवुड के एक स्क्रीनराइटर और डायरेक्टर हैं, जो करण जौहर की कंपनी 'धर्मा' के लिए भी काम करते हैं. इन दोनों की मुलाकात साल 2022 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. दोनों के बीच पहली बातचीत देर रात करीब 1:30 बजे शुरू हुई थी और इस कपल ने रात के सवा पांच (5:15) बजे के समय को हमेशा के लिए खास बना लिया.

करीब तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, जुलाई 2025 में न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में रोहन ने ठीक रात के सवा पांच बजे अंशुला को प्रपोज किया था. इसके बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से सगाई हुई. इसी साल जून महीने में माता की चौकी के साथ शादी की रस्मों की शुरुआत हुई और बीती 6 जुलाई को दोनों फेरे लेकर हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए.

फिल्मों से दूर कॉर्पोरेट वर्ल्ड में अंशुला ने बनाई पहचान

कपूर खानदान के ज्यादातर सदस्य जहां फिल्मी पर्दे पर अपना जलवा बिखेरते हैं, वहीं अंशुला कपूर ने फिल्मों की चकाचौंध से दूर रहकर कॉर्पोरेट और बिजनेस वर्ल्ड में खुद को स्थापित किया है. अंशुला ने न्यूयॉर्क के बार्ड कॉलेज (Barnard College) से अपनी पढ़ाई पूरी की है. वह दिग्गज टेक कंपनी गूगल (Google) में भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा, वह ऋतिक रोशन के मशहूर ब्रांड 'एचआरएक्स' (HRX) में ऑपरेशंस मैनेजर के पद पर भी रहीं.

 साल 2019 में अंशुला ने 'फैनकाइंड' (Fankind) नाम से एक अनूठा स्टार्टअप शुरू किया, जो सेलिब्रिटीज के माध्यम से सोशल कॉज और चैरिटी के लिए फंड जुटाने का काम करता है.. वह डिजिटल स्पेस में बॉडी पॉजिटिविटी और मेंटल हेल्थ को लेकर एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर भी हैं. हाल ही में उन्होंने अमेजन प्राइम के रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' से अपना ओटीटी डेब्यू भी किया है.

शादी के मंडप में दिवंगत मां मोना कपूर को दी श्रद्धांजलि

अंशुला कपूर और अर्जुन कपूर के जीवन में उनकी मां मोना शौरी कपूर का स्थान बेहद खास रहा है. मोना कपूर टीवी और फिल्म प्रोड्यूसर थीं, जिनका साल 2012 में कैंसर के कारण निधन हो गया था. अंशुला ने अपनी जिंदगी के इस सबसे बड़े और महत्वपूर्ण पड़ाव पर अपनी दिवंगत मां को नहीं भुलाया. शादी के मंडप में उन्होंने अपनी मां मोना कपूर की एक तस्वीर रखी थी. शादी के बंधन में बंधने से पहले अंशुला ने अपनी मां की तस्वीर के पास बैठकर उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी और उनका आशीर्वाद लिया.

सौतेले रिश्तों में आई मिठास, जानवी और खुशी ने भाई अर्जुन संग मनाया जश्न

बोनी कपूर की जिंदगी में श्रीदेवी की एंट्री के बाद मोना कपूर और उनके बच्चों अर्जुन व अंशुला के जीवन में काफी उथल-पुथल आई थी. साल 1996 में बोनी कपूर और श्रीदेवी की शादी के बाद मोना कपूर ने बेहद मैच्योरिटी दिखाई थी और कड़वाहट का असर अपने बच्चों पर नहीं पड़ने दिया था. मोना और श्रीदेवी दोनों अब इस दुनिया में नहीं हैं.

लेकिन वक्त के साथ इस परिवार के सारे जख्म भर चुके हैं. श्रीदेवी की मौत के बाद अर्जुन और अंशुला अपनी सौतेली बहनों जानवी कपूर और खुशी कपूर के बेहद करीब आ गए. अंशुला की शादी के मंडप में यह साफ देखा गया जहां जानवी और खुशी ने अपने भाई अर्जुन कपूर के साथ मिलकर अपनी बहन अंशुला की शादी का जमकर जश्न मनाया. इस नजारे को देखकर किसी को भी यह अहसास नहीं हुआ कि यह दो अलग-अलग परिवारों की कहानी है.

शादी में शामिल हुआ राज कपूर का परिवार

बॉलीवुड में अक्सर चर्चा होती है कि राज कपूर का परिवार और बोनी-अनिल कपूर का परिवार आपस में कैसे जुड़े हैं. दरअसल, ये दोनों परिवार दूर के भाई हैं जिन्हें बॉलीवुड में 'कंट्री कजिन्स' कहा जाता है. बोनी कपूर के पिता सुरिंदर कपूर विभाजन के बाद पाकिस्तान के पेशावर से खाली हाथ मुंबई आए थे. वह राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर के दूर के चचेरे भाई थे. पृथ्वीराज कपूर ने ही सुरिंदर कपूर को बॉलीवुड में ब्रेक दिलाने और फिल्म 'मुगल-ए-आजम' में असिस्टेंट डायरेक्टर की नौकरी दिलाने में मदद की थी.

इस रिश्ते से रणबीर कपूर, करिश्मा कपूर और करीना कपूर का अर्जुन, अंशुला, जानवी और खुशी के साथ 'थर्ड कजिन्स' का रिश्ता बनता है. इसके अलावा एक और सगापन यह है कि राज कपूर की बेटी रीमा कपूर की शादी मनोज जैन से हुई है, जो बोनी और अनिल कपूर के सगे फुफेरे भाई हैं. इसी रिश्ते को निभाने के लिए नीतू कपूर, करिश्मा कपूर और रीमा जैन भी अंशुला और रोहन को आशीर्वाद देने शादी में पहुंचे थे.

भाइयों के गॉडफादर बने थे बोनी कपूर

सुरिंदर कपूर के बड़े बेटे होने के नाते बोनी कपूर पर कम उम्र में ही परिवार और पिता के बिजनेस को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई थी. उन्होंने खुद एक्टर बनने के बजाय अपने छोटे भाइयों अनिल कपूर और संजय कपूर का करियर संवारना चुना. बोनी कपूर ने पानी की तरह पैसा बहाकर साल 1983 में फिल्म 'वो 7 दिन' से अनिल कपूर को बतौर मेन लीड बड़ा ब्रेक दिया.

इसके बाद 1995 में फिल्म 'प्रेम' से संजय कपूर को लॉन्च किया. भाइयों के करियर में व्यस्त होने के कारण वह खुद एक्टिंग नहीं कर पाए, लेकिन उनकी यह ख्वाहिश साल 2023 में पूरी हुई. अपने चारों बच्चों अर्जुन, अंशुला, जानवी और खुशी की जिद के आगे झुकते हुए बोनी कपूर ने लव रंजन की फिल्म 'तू झूठी मैं मक्कार' में रणबीर कपूर के पिता का किरदार निभाकर अपना एक्टिंग डेब्यू किया था.

यहां देखें वीडियो