चुनाव आयोग और खासकर मु्ख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद के बीच CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी ने उनके इस्तीफे की मांग की है. CJP ने पहले ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर कहा था कि अगर CEC 48 घंटे में इस्तीफा नहीं देते हैं तो देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. लेकिन अब CJP ने नया अल्टीमेटम दिया है और साथ ही आंदोलन की तारीख और जगह का भी ऐलान कर दिया है. CJP के इस ऐलान के बाद चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई है. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महा आंदोलन कर रही है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
कब से और कहां से शुरू करेंगे आंदोलन?
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर नया अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने X पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है कि, अगर ज्ञानेश कुमार कल तक इस्तीफा नहीं देते हैं, तो CJP 2 अक्टूबर को मुंबई से अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगा और इसे भारत भर के शहरों तक ले जाएगा.आइए, इस गांधी जयंती पर लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लें.
CJP ने रखी है तीन बड़ी मांगें!
बीते कल कॉकरोच जनता पार्टी(CJP) के एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था. उस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने इस मामले को लेकर अपनी तीन प्रमुख मांगें देश के सामने रखीं. पहली मांग के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने की बात कही गई है, जबकि दूसरी मांग में संगठन ने सभी आगामी चुनावों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की अपील की है. इसके अलावा, तीसरी मांग सीधे सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी है, जिसमें कहा गया है कि SIR से जुड़ी सभी फाइलों को अदालत अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कस्टडी में रखे, ताकि भविष्य में दस्तावेज गायब होने या उनमें आग लगने जैसी किसी भी आशंका या बहानेबाजी की कोई गुंजाइश न बचे.
कांग्रेस देश भर में कर रही प्रदर्शन
एक ओर CJP ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर अल्टीमेटम दे रही है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी देश भर में प्रदर्शन कर रही है. बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस का महा आंदोलन चल रहा है, जहां पुलिस ने उनके मार्च को रोका है. दरअसल कांग्रेस नेता चुनाव आयोग की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने बैरिकेटिंग कर उन्हें रोका है. इस दौरान स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन भी चलाया है. इसके अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता समेत कई शहरों में पार्टी का प्रदर्शन जारी है.
ADVERTISEMENT


