CJP Mumbai-Delhi Protest LIVE: देश में वोटर लिस्ट और SIR प्रक्रिया को लेकर उठा सियासी बवंडर अब और बड़ा रूप लेता नजर आ रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विपक्षी दलों और सामाजिक-राजनीतिक संगठनों ने 2 अक्तूबर यानी आज देशव्यापी विरोध का ऐलान किया है. जहां दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी दल लामबंद हो रहे हैं, वहीं मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भी सड़कों पर उतरने की पुरजोर तैयारी में है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस मुद्दे पर लगातार केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं, जिससे इस पूरे घटनाक्रम ने भारी राजनीतिक तूल पकड़ लिया हैय
दिल्ली में जंतर-मंतर बंद, सुरक्षा बल तैनात
विपक्ष के हल्ला बोल को देखते हुए देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है. दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नई दिल्ली इलाके में बीएनएस (BNS) की धारा 163 लागू है. प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की रैली, जुलूस या विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है. फिलहाल जंतर-मंतर जाने वाले तमाम रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और आम आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक जारी रहेगा आंदोलन
उधर मुंबई में मोर्चा संभाल रहे सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने मांग की है कि ज्ञानेश कुमार तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें और जब तक ऐसा नहीं होता, यह आंदोलन खत्म नहीं होगा. दीपके ने तीखे लहजे में कहा, "कॉकरोच जनता पार्टी के इस आंदोलन की गूंज अब पूरे देश में सुनाई देगी. मुंबई से शुरू होकर यह लड़ाई दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुंचेगी। साल 2025 की SIR सूची को तुरंत फ्रीज किया जाए और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निष्पक्ष अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाए। जिन 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनका हक वापस दिलाने के लिए वे खुद सड़कों पर उतरेंगे.'
एक तरफ जहां पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था का हवाला देकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की पूरी कोशिश में जुटा है, वहीं विपक्षी दल और सीजेपी के कार्यकर्ता आर-पार के मूड में नजर आ रहे हैं। 2 अक्टूबर के इस सियासी संग्राम पर अब पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं. ऐसे में इस प्रोटेस्ट से जुड़ी ताजा अपडेट्स जानने के लिए हमारे साथ जुड़े रहें...
- 11:42 AM • 02 Oct 2026
गांधी जयंती पर मनोज झा का सवाल: क्या प्रदर्शन के लिए भी इजाजत चाहिए?
चुनाव आयोग के खिलाफ जंतर-मंतर पर उतरे राजद (RJD) सांसद मनोज झा ने पुलिस की सख्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए किसी इजाजत की जरूरत नहीं होनी चाहिए. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती का जिक्र करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि यह गांधी का देश है, जहां विरोध दर्ज कराना हर नागरिक का हक है, और वे इस प्रदर्शन में पूरी मजबूती से शामिल होंगे.
- 11:14 AM • 02 Oct 2026
जंतर-मंतर पर सुरक्षा सख्त, ड्रोन से रखी जा रही नजर
विपक्ष और आम आदमी पार्टी के चुनाव आयोग विरोधी प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर पर सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा है. राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं और सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों की भारी मौजूदगी की संभावना के चलते पुलिस पूरे इलाके पर ड्रोन कैमरों से पल-पल की निगरानी रख रही है, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे.
- 10:50 AM • 02 Oct 2026
निज़ामुद्दीन में बैरिकेडिंग: सेंट्रल दिल्ली में बढ़ी चौकसी
चुनाव आयोग के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शन की आहट को देखते हुए पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा का पहरा काफी सख्त कर दिया है. इसी कड़ी में निज़ामुद्दीन इलाके के आसपास बैरिकेड लगाकर गाड़ियों और आवाजाही की जांच की जा रही है, साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल की गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है.
- 10:41 AM • 02 Oct 2026
शिवाजी पार्क में CJP प्रदर्शन: सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
मुंबई के दादर स्थित ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में CJP के आगामी विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. शाम को होने वाले इस कार्यक्रम में भीड़ को बेकाबू होने से रोकने के लिए मैदान के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगा दी गई है, ताकि मैदान के अंदर लोगों की आवाजाही को आसानी से नियंत्रित किया जा सके,
- 10:33 AM • 02 Oct 2026
प्रदर्शन करना हमारा अधिकार- सौरभ भारद्वाज
चुनावी निष्पक्षता के मुद्दे पर आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलने जंतर-मंतर पहुंचे दिल्ली आप (AAP) अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. गाड़ी के बजाय पैदल ही मौके पर पहुंचे भारद्वाज ने सुरक्षा बलों की रोक-टोक पर ऐतराज जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना और विरोध दर्ज कराना नागरिकों का बुनियादी अधिकार है, जिसे इस तरह दबाया नहीं जा सकता.
- 10:20 AM • 02 Oct 2026
जंतर-मंतर आने वाले AAP प्रोटेस्टर्स को पुलिस ने किया डिटेन
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर और चुनाव आयोग के रुख के खिलाफ विपक्षी दलों ने आज जंतर-मंतर पर बड़ा मोर्चा खोला है। इस विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे आम आदमी पार्टी के समर्थकों को सुरक्षा बलों ने मौके पर ही हिरासत में लेना शुरू कर दिया है, जिससे राजधानी के इस प्रमुख स्थल पर तनाव और सुरक्षा काफी बढ़ गई है।
- 09:56 AM • 02 Oct 2026
नई दिल्ली में सख्त पहरा, किसी भी धरना-प्रदर्शन पर रोक, जानिए DCP की चेतावनी
नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने बीएनएसएस (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके चलते किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन, जुलूस या भीड़ जुटाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और शांति बनाए रखने की अपील की है, साथ ही सलाह दी है कि कोई भी प्रदर्शन करने के लिए इस इलाके की तरफ न आए. इसके अलावा, ट्रैफिक में बदलाव और मेट्रो सेवाओं से जुड़ी पल-पल की जानकारी के लिए पुलिस प्रशासन लगातार नए सर्कुलर और एडवाइजरी जारी कर रहा है.
ADVERTISEMENT


