पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में स्कूल की व्यवस्था देखने गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक से खुन्नस खाकर उपद्रवियों ने उनके पूरे परिवार पर हमला बोल दिया. इस हिंसक वारदात में कार्यकर्ता के बुजुर्ग पिता बुरी तरह जख्मी हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
इंदास के करिगुंडा गांव के रहने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक शेख अब्दुल हफीज 19 जुलाई को दिल्ली में CJP के आंदोलन में शामिल हुए थे. 27 जुलाई को लौटने के बाद 13 अगस्त को वे पार्टी के निर्देश पर गांव के ही करिगुंडा पश्चिमपाड़ा प्राइमरी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे थे. आरोप है कि वहां के हेडमास्टर काशीनाथ दे ने उन्हें अगले दिन आने की बात कहकर लौटा दिया लेकिन इसके तुरंत बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने हफीज के साथ मारपीट शुरू कर दी.
रात में घर में घुसकर बोला धावा
दिन में बदसलूकी की, लेकिन इसके बाद हमलावरों का मन इतने से भी नहीं भरा. उसी रात उपद्रवियों का एक झुंड लाठी, डंडे और लोहे की छड़ों के साथ हफीज के घर में जबरन घुस आया. हफीज तो अपनी जान बचाकर कमरे में छिप गए, लेकिन उपद्रवियों ने उनके बुजुर्ग पिता शेख मोहम्मद मफीक को निशाना बना लिया और उन्हें बेरहमी से पीटा. इस घटना के बाद पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल मफीक को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. 15 अगस्त को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बर्धमान मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसी रात उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस की कार्रवाई और 8 गिरफ्तारियां
पति की मौत के बाद मृतक की पत्नी हसीना बेगम ने इंदास थाने में 10 से 15 लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए मामले में शामिल 8 आरोपियों को धर दबोचा और उन्हें विष्णुपुर उप-विभागीय अदालत में पेश किया. बाकी बचे हमलावरों की तलाश में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
घटना पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
वहीं इस घटना पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नबन्ना में संवाददाताओं से बात करते हुए स्पष्ट किया कि इस घटना से बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं है और अपराधियों के खिलाफ कानून सख्ती से काम करेगा, वहीं केन्द्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इसे आपसी रंजिश का मामला बताते हुए निष्पक्ष पुलिस जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की. इसी बीच, राज्य मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी आश्वासन दिया कि पार्टी किसी भी अपराधी का बचाव नहीं करेगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बंगाल में 'योगी मॉडल' की तैयारी, दंगे किए या सरकारी संपत्ति तोड़ी तो सीधे नीलाम होगी प्रॉपर्टी, जानें इस बिल के बारे में सबकुछ
ADVERTISEMENT


