IMD Monsoon Alert: दिल्ली-NCR में कब आएगा मॉनसून? मौसम विभाग ने बता दी पक्की तारीख

न्यूज तक डेस्क

• 09:24 AM • 06 Jun 2026

Monsoon in Delhi NCR: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के बीच मॉनसून का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में दस्तक दे सकता है. फिलहाल, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई है.

Monsoon
Monsoon
Google CTA

Monsoon in Delhi NCR: दिल्ली और आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. चिलचिलाती गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून जून के आखिरी हफ्ते में दस्तक दे देगा. इससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

Read more!

जून के अंत तक झमाझम बारिश की उम्मीद

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर छा सकता है. मौसम विभाग के मैप से पता चलता है कि दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में जून के अंतिम सप्ताह में मानसून की पहली बारिश हो सकती है. इसी दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून के आगे बढ़ने की पूरी संभावना है.

पिछले साल के मुकाबले कैसा रहेगा इस बार?

अगर पिछले साल यानी 2025 की बात करें तो दिल्ली में मॉनसून ने 29 जून को एंट्री ली थी, जो कि अपनी सामान्य तारीख (27 जून) से दो दिन लेट था. इस बार भी मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मॉनसून अपने तय समय के आस-पास ही पहुंच रहा है. हालांकि, एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाली हवाओं और कम दबाव के क्षेत्र के चलते इसकी तारीखों में थोड़ा-बहुत बदलाव मुमकिन है.

पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का मिजाज

मॉनसून के आने से पहले ही दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव देखा गया है. शुक्रवार सुबह हुई हल्की से मध्यम बारिश और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री कम यानी 26 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.2 डिग्री गिरकर 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

वीकेंड पर कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को भी राहत जारी रहने की बात कही है. दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.