दिल्ली-NCR में बदला मौसम, झमाझम बारिश के बीच IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 04:49 PM • 04 Sep 2026

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को मौसम बदल गया और कई इलाकों में तेज बारिश हुई. भारी बारिश के खतरे को देखते हुए IMD ने ऑरेंज अलर्ट को रेड अलर्ट कर दिया है. दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में बारिश हुई. राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है.

दिल्ली-NCR के मौसम में फिर बदलाव के संकेत
दिल्ली-NCR के मौसम में फिर बदलाव के संकेत
Google CTA

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. राजधानी और आसपास के कई इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई. बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने भारी बारिश के खतरे को देखते हुए अलर्ट बढ़ा दिया है. IMD ने दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट को अब रेड अलर्ट में बदल दिया है.

Read more!

दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश

शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश देखने को मिली. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया.

हालांकि, भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है. कई प्रमुख सड़कों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित होने की आशंका है.

राहत की बात यह है कि जन्माष्टमी के कारण स्कूल-कॉलेज और कई दफ्तरों में छुट्टी है. ऐसे में सामान्य दिनों की तुलना में सड़कों पर वाहनों का दबाव कम रहने की उम्मीद है.

50 से 100 मिमी तक बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में 50 से 100 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है.

बारिश के दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा. इसके अलावा तेज हवाएं चलने की संभावना है. इनकी सामान्य रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

रेड अलर्ट के बीच मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है. IMD ने लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है. बेहद जरूरी काम होने पर ही खराब मौसम में घर से बाहर निकलने को कहा गया है.

भारी बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचना भी जरूरी है.

राजस्थान से यूपी तक बारिश का असर

दिल्ली-NCR के अलावा उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है.

इसके साथ मानसून की अक्षीय रेखा भी सक्रिय है. यह श्रीगंगानगर से होते हुए निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक जा रही है. इसी मौसम प्रणाली के कारण उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी है.

राजस्थान के कई जिलों में बारिश

राजस्थान के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई.

सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, धौलपुर, जयपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, करौली, टोंक, बारां, कोटा और झालावाड़ में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए दिल्ली-NCR के साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लोगों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने की जरूरत है.