'सर मेरी शादी होने वाली है, फोटो मत...' धनबाद पुलिस ने कथित नकली नमक फैक्ट्री पर मारा छापा तो संचालक लगाने लगा ये गुहार

झारखंड के धनबाद में पुलिस ने नामी ब्रांड के नाम पर नकली नमक बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली पैकेट और तैयार माल बरामद हुआ. फैक्ट्री संचालक पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपनी तस्वीर मीडिया में न दिखाने की गुहार लगाता रहा.

धनबाद में नकली नमक फैक्ट्री पर छापा
धनबाद में नकली नमक फैक्ट्री पर छापा

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Dhanbad Fake Salt Factory: धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है. यहां नामी ब्रांड के नाम पर नकली नमक बनाने और उसे बाजार में बेचने वाली एक अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई है. पुलिस की इस अचानक हुई छापेमारी से पूरे इलाके के व्यापारियों और मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है. मौके से भारी मात्रा में नामी कंपनियों के नकली रैपर पैकेट और तैयार माल जब्त किया गया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक बेहद अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब फैक्ट्री का मुख्य संचालक पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा.

Read more!

सर मेरी शादी तय है फोटो मत छापिए

दरअसल, पुलिस जब धनसार थाना क्षेत्र के गुरु नानक कॉलेज के पास भूदा मुख्य मार्ग पर स्थित इस कथित नकली नमक फैक्ट्री में दाखिल हुए. ऐसे में  वहां काम करने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने जब फैक्ट्री के संचालक शुभम अग्रवाल को पकड़ा तो वो हाथ जोड़कर पुलिस अधिकारियों के सामने रोने लगा. शुभम अग्रवाल बार-बार पुलिस से मिन्नतें कर रहा था कि सर मेरी शादी तय हो चुकी है कृपया मीडिया में मेरी तस्वीर मत छापिए. उसने पुलिस से यहां तक कह दिया कि आपको मुझे मारना है तो मार दीजिए लेकिन मेरी फोटो मत निकालिए. यह नजारा देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और लोग भी हैरान रह गए.

नामी ग्रुप की शिकायत पर हुई बड़ी कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत एक नामी ग्रुप की ओर से मिली एक आधिकारिक शिकायत के बाद हुई. कंपनी को इनपुट मिला था कि धनबाद में उनके ब्रांड का इस्तेमाल करके नकली नमक धड़ल्ले से बेचा जा रहा है. इसके बाद मामले की जानकारी धनबाद के एसएसपी और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर केा दी गई. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय धनसार थाना पुलिस और अन्य पुलिस अफसरों की एक टीम तैयार की गई जिसने इस पूरी फैक्ट्री पर गोपनीय तरीके से छापेमारी की.

कम दाम वाले नमक को महंगे ब्रांड में बदलने का खेल

जांच में सामने आया कि यह कोई छोटा-मोटा काम नहीं था बल्कि शॉपिंग मॉल के नीचे बड़े पैमाने पर इस अवैध धंधे को चलाया जा रहा था. यह लोग बाजार से कम दाम वाला साधारण नमक खरीदते थे. इसके बाद उसे ब्रांडेड कंपनियों के पांच और दस रुपये वाले नकली पैकेट में पैक कर देते थे. यह पैकेट बाजार में रिटेल दुकानों को तीस रुपये प्रति पीस के हिसाब से बेचे जाते थे. इस तरह यह गैंग सीधे तौर पर गरीब जनता और आम उपभोक्ताओं की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ कर रहा था.

सामान जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू

अनुसंधान पदाधिकारी अंजन कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है और ये पता लगाया जा रहा है कि इलाके में ये कथित नकली नमक का  कारोबार कब से चल रहा था. इसके साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा है कि इसकी सप्लाई किन किन इलाकों में की जा रही थी और इस नेटवर्क में कौन कौन लाेग शामिल हैं. उन्होंने बताया कि बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इनपुट- सिथुन मोदक

    follow google news