'तुम मोटी हो सुंदर भी नहीं...' कर्नाटक में पति ने पत्नी के वजन का मजाक उड़ाकर दी दर्दनाक मौत, दो दिन बाद खुलाराज

कर्नाटक के धारवाड़ में दहेज और घरेलू हिंसा के चलते एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपनी 29 वर्षीय नर्स पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी पति महिला के बढ़े वजन का मज़ाक उड़ाता था.

dharwad
dharwad

न्यूज तक डेस्क

follow google news

कर्नाटक के धारवाड़ जिले से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाली घटना सामने आई है. यहां के हनासी गांव में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोपी अपनी पत्नी के बढ़े हुए वजन (मोटापे) से खुश नहीं था और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. इस खौफनाक वारदात में पुलिस ने आरोपी पति समेत उसके परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

शादी के एक महीने बाद ही शुरू हो गया था टॉर्चर

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 29 साल की प्रियंका कमलाकर पेशे से एक स्टाफ नर्स थीं. उनकी शादी 13 दिसंबर 2024 को हनासी गांव के रहने वाले 32 वर्षीय बसवराज वड्डर से हुई थी. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन करीब एक महीने बाद ही पति बसवराज और उसके घरवालों ने प्रियंका को तंग करना शुरू कर दिया. आरोपी लगातार प्रियंका पर मायके से सोना और मोटी रकम लाने का दबाव बना रहे थे.

बॉडी शेमिंग और मारपीट का आरोप

मृतका के परिजनों का कहना है कि आरोपी बसवराज प्रियंका के लुक और वजन को लेकर हमेशा ताने मारता था. वह कहता था कि प्रियंका उसके मुकाबले बहुत ज्यादा मोटी है और अच्छी नहीं दिखती. इतना ही नहीं, प्रियंका के मां न बन पाने को लेकर भी उसका मजाक उड़ाया जाता था. मृतका के चाचा ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि प्रियंका शादी के बाद दो बार गर्भवती हुई थी, लेकिन पति की बेदम पिटाई के कारण दोनों बार उसका गर्भपात (Miscarriage) हो गया.

दो दिन बाद खुला हत्या का राज

जांच अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात को पति बसवराज ने प्रियंका की गला घोंटकर हत्या कर दी थी. इस वारदात को इतनी खामोशी से अंजाम दिया गया कि इसका खुलासा घटना के दो दिन बाद हुआ. मामला सामने आने के बाद नवलगुंड पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और FIR दर्ज कर मुख्य आरोपी बसवराज, रेनव्वा, सुभाष और सिद्धरमेश को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता के परिवार ने सरकार और कानून से आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की है. पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच में जुटी है.

    follow google news