ध्रुव राठी ने पहली बार दिखाया पासपोर्ट, खुद किया खुलासा- भारतीय हैं या जर्मन?

न्यूज तक डेस्क

• 02:30 PM • 11 Oct 2026

ध्रुव राठी ने करीब 20 घंटे बाद रिहा होने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पासपोर्ट दिखाया. उन्होंने भारतीय नागरिक होने की बात कही और पुलिस कार्रवाई को किडनैपिंग बताया. उधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार, धारा 163 लागू होने के बावजूद जंतर-मंतर जाने की कोशिश करने पर उन्हें दोबारा हिरासत में लिया जा सकता है.

NewsTak
Google CTA

ध्रुव राठी भारतीय हैं या जर्मन, इस सवाल पर उन्होंने पहली बार कैमरे के सामने अपना पासपोर्ट दिखाकर जवाब दिया है. करीब 20 घंटे तक हिरासत में रहने के बाद रविवार को रिहा हुए ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें विदेशी पासपोर्ट धारक समझ रहे हैं, उनकी यह धारणा गलत है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भारतीय नागरिक हैं, थे और रहेंगे.

Read more!

पुलिस कार्रवाई को बताया किडनैपिंग

ध्रुव राठी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया, बल्कि उनका अपहरण किया गया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने वकील से बात करने का मौका नहीं दिया गया और न ही उनका फोन वापस दिया गया.

वीडियो में ध्रुव राठी ने दावा किया कि जब वे सो रहे थे, तभी सादे कपड़ों में कुछ लोग उनके घर के बेडरूम में घुस आए. उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनकी मां को धक्का दिया, उनका फोन छीन लिया और उन्हें घसीटकर अपने साथ ले गए. उनके मुताबिक, उन्हें चप्पल तक पहनने का समय नहीं दिया गया और जल्दबाजी में जीप में बैठा दिया गया.

ध्रुव राठी का दावा- घर से जबरन ले गए लोग

ध्रुव राठी ने कहा कि घटना के समय घर में वे और उनके माता-पिता मौजूद थे. उन्होंने दावा किया कि बाद में उन्हें पता चला कि उन्हें ले जाने वाले लोगों की संख्या करीब 50 थी. उनके मुताबिक, किसी ने उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया और अपराधी की तरह घसीटकर ले जाया गया. इस दौरान उन्हें चोट भी आई. उन्होंने बताया कि उन्हें एक थाने से दूसरे थाने ले जाया गया और करीब 20 घंटे तक बैठाकर रखा गया. ध्रुव राठी ने इस पूरी कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे किडनैपिंग करार दिया.

क्या दोबारा हिरासत में लिए जा सकते हैं ध्रुव राठी?

इस मामले में पुलिस के एक सूत्र ने कहा कि अगर ध्रुव राठी धारा 163 लागू होने के बावजूद जंतर-मंतर जाने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें दोबारा हिरासत में लिया जा सकता है. उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है. ध्रुव राठी को शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त किए जाने के बीच यह कार्रवाई हुई.