'डेड बॉडीज के प्राइवेट पार्ट पर...' प्रणीत मोरे के कॉमेडी शो में हंसते हुए हद पार करने वाली डॉ. सेजल पवार हैं कौन?

मुंबई के केईएम अस्पताल की डॉ. सेजल पवार का एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो में शवों के प्राइवेट पार्ट्स पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद उन पर एफआईआर दर्ज की गई है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही डॉक्टर सेजल (PC- Instagram)
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही डॉक्टर सेजल (PC- Instagram)

न्यूज तक डेस्क

follow google news

कॉमेडियन प्रणीत मोरे के स्टैंड-अप शो से शुरु हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. 370 रुपये की बिरयानी के चर्चित मुद्दे के बाद अब मुंबई के मशहूर किंग एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल की डॉक्टर सेजल पवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है. इस वीडियो में उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डेड बॉडिज के प्राइवेट पार्ट्स को लेकर बेहद आपत्तिजनक बातें कही हैं. इस संवेदनहीन बयान के बाद जहां इंटरनेट पर उनकी भारी थू-थू हो रही है, वहीं अब ये मामला कानूनी पचड़े में भी बदल चुका है. महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है.

Read more!

 KEM अस्पताल सख्त

अस्पताल ने दो सीनियर डॉक्टरों (डॉ. अनीता चामक और डॉ. श्रद्धा मोरे) की एक कमेटी बनाई है. इस टीम ने उस पूरे प्रोग्राम का एक घंटे का वीडियो देखा है, जिसमें से एक छोटा सा हिस्सा काटकर वायरल किया गया था. जांच टीम आज शाम या कल तक अपनी रिपोर्ट अस्पताल के डीन को सौंप देगी, जिसके बाद छात्रा पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल उसे सस्पेंड नहीं किया गया है, लेकिन सीनियर डॉक्टर्स का कहना है कि पढ़ाई के लिए दान किए गए शवों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

 क्या है पूरा मामला और क्या कहा था डॉक्टर ने?

प्रणीत मोरे के लाइव स्टैंड-अप शो के दौरान जब कॉमेडियन दर्शकों से बातचीत (क्राउड वर्क) कर रहे थे, तब डॉ. सेजल ने भी माइक थामकर चर्चा में हिस्सा लिया बातचीत के दौरान उन्होंने हंसते हुए यह कबूल किया कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान जब वे और उनके साथी छात्र शवों की चीर-फाड़ करते थे तो वे पुरुषों के गुप्त अंगों को लेकर आपस में भद्दे मजाक किया करते थे. जैसे ही यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आई, लाखों यूजर्स ने डॉक्टर की इस सोच और संवेदनहीनता पर अपना गुस्सा जाहिर करना शुरू कर दिया.

कौन हैं डॉ. सेजल पवार?

मुंबई की रहने वाली डॉ. सेजल पवार सिर्फ एक डॉक्टर ही नहीं हैं, बल्कि सोशल मीडिया की दुनिया में भी एक जाना-माना नाम हैं. एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर उनके अकाउंट पर अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है. इसी वजह से उनके इस बयान को और ज्यादा हवा मिली, क्योंकि लोग एक डॉक्टर और इन्फ्लुएंसर से समाज में ऐसी असंवेदनशील बातों की उम्मीद नहीं करते.

डॉक्टरों के संगठन (MARD) का रुख

रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन 'मार्ड' ने भी इस बयान की कड़ी निंदा की है. उनका कहना है कि हम शव दान करने वालों का बहुत सम्मान करते हैं और यह बयान हमारे पेशों के मूल्यों के खिलाफ है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि छात्रा ने माफी मांग ली है, इसलिए उसे इंटरनेट पर गंदी गालियां देना या निजी तौर पर परेशान करना भी गलत है. 

पुलिस ने दर्ज की FIR

मामला सिर्फ अस्पताल तक ही सीमित नहीं रहा, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी इस पर कड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे, छात्रा सेजल पवार और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ 'भारतीय न्याय संहिता' और 'आईटी एक्ट' की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है. अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो फैलाने के आरोप में पुलिस ने इन सभी को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है. 

चौतरफा घिरने के बाद मांगी सार्वजनिक माफी

जब मामला पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया और अस्पताल ने भी कड़ा रुख अपना लिया तो डॉ. सेजल पवार को अपनी गलती का अहसास हुआ. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर हाथ जोड़कर एक वीडियो और पोस्ट के जरिए देश से माफी मांगी है. अपनी सफाई में उन्होंने लिखा:

 "हाल ही में मेरा एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसे दोबारा देखने के बाद मुझे खुद अहसास हुआ कि मेरे कहे शब्दों से लोगों की भावनाओं को कितनी गहरी ठेस पहुंची है. मैंने जिस विषय पर बात की, वह वाकई बेहद संवेदनशील था. मेरा इरादा किसी का अनादर करने का बिल्कुल नहीं था, लेकिन मैं अपने शब्दों के बुरे प्रभाव को समझ रही हूं. मैं अपनी इस भूल की पूरी जिम्मेदारी लेती हूं. एक मेडिकल स्टूडेंट होने के नाते यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा सबक है और मैं वादा करती हूं कि भविष्य में ऐसी गलती कभी नहीं दोहराऊंगी."

हालांकि, इस माफीनामे के बाद भी सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है और अब सभी की नजरें अस्पताल की जांच रिपोर्ट और पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं.

ये भी पढ़ें: कौन हैं '370 रुपए की बिरयानी' क्लिप से वायरल हुए प्रणित मोरे? विवादों के बीच उनके बारें में पता चली नई कहानी

 

    follow google news