पंजाब के फिरोजपुर के फाजिल्का रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई. खुशियों और गम के बीच अपनों को अंतिम विदाई देकर लौट रहे एक ही परिवार के हंसते-खेलते कुनबे पर ऐसा कहर टूटा कि पल भर में सब कुछ बिखर गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके की तस्वीरें देखकर ही कलेजा कांप उठे.
ADVERTISEMENT
अंतिम संस्कार से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक, जलालाबाद इलाके का एक परिवार अपने किसी बुजुर्ग महिला के निधन के बाद अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने गया था. संस्कार के बाद परिवार और उनके रिश्तेदारों समेत करीब 25 से 28 लोग महिंद्रा पिकअप गाड़ी में सवार होकर अस्थियां विसर्जित करने (फूल तारने) जा रहे थे. किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस रास्ते पर वो आगे बढ़ रहे हैं, वहां मौत उनका इंतजार कर रही है.
जंगा वाले मोड़ पर 'काल' बनकर आया ट्राला
जैसे ही यह पिकअप गाड़ी फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर स्थित जंगा वाले मोड़ (गांव हुसैनशाह वाला के पास) पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार लोगों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिनमें तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं. अस्पताल ले जाते-जाते और इलाज के दौरान मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8 तक पहुंच गया.
फरीदकोट रेफर किए गए घायल, मौके पर पहुंचे SSP
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे. पिकअप में फंसे घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई थी, जिसे देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसएसपी (SSP) खुद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है.
अपनों को खोकर चीख उठा परिवार, लोगों में भारी गुस्सा
इस हादसे के बाद से मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है. परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरा इलाका इस दुखद खबर से सदमे में है. वहीं, स्थानीय लोगों में इस खूनी सड़क को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि फिरोजपुर-फाजिल्का रोड का यह हिस्सा बेहद खतरनाक है और यहां पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं. लोग लंबे समय से इस सड़क को चौड़ा करने (फोरलेन बनाने) की मांग कर रहे हैं, ताकि आए दिन होने वाले इन हादसों पर लगाम लगाई जा सके और किसी बेकसूर की जान न जाए.
ये भी पढ़ें: बोस्टन से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दिपके, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को हरी झंडी, दिल्ली पुलिस ने दी मंजूरी
ADVERTISEMENT


