महंगाई का तगड़ा झटका: 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, CNG भी हुई महंगी

मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच देश में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. शनिवार को पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे और सीएनजी 1 रुपये महंगी हो गई. पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बढ़ोतरी है, जिससे पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये तक महंगे हो गए हैं.

petrol diesel price hike
petrol diesel price hike

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार को देश में एक बार फिर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी (CNG) की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया है. इसके साथ ही CNG भी आज 1 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है.

Read more!

10 दिनों में तीसरी बार बढ़ीं कीमतें

ईंधन की कीमतों में पिछले 10 दिनों के भीतर यह तीसरी बढ़ोतरी है. इससे पहले 15 मई को पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में 3-3 रुपये की बड़ी वृद्धि की गई थी. इसके बाद 19 मई को दोबारा पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था. इस तरह देखें तो पिछले महज 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 5 रुपये तक बढ़ चुके हैं. वहीं, इस अवधि में सीएनजी की कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है.

दिल्ली में आज के नए रेट्स

ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये से बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है. यानी पेट्रोल अब 100 रुपये के बेहद करीब पहुंच चुका है. वहीं, डीजल की कीमत भी 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है. इसके अलावा, दिल्ली में अब सीएनजी के दाम बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलो हो गए हैं.

मंत्रालय के दावों के बीच बढ़ी कीमतें

ईंधन के दामों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर हुई है, जब हाल ही में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में तेल की कमी की खबरों को खारिज किया था. मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा था कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक बाइंग (अफरा-तफरी में खरीदारी) से बचने की अपील की थी.

मंत्रालय ने यह भी साफ किया था कि कुछ पेट्रोल पंपों पर दिखने वाली भीड़ अस्थायी है, जिसे दूर करने के लिए ऑयल कंपनियां लगातार काम कर रही हैं. लेकिन इस आश्वासन के बावजूद, लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी की चिंता बढ़ा दी है.

    follow google news