रेमंड के सूट पहनकर भारत के न जाने कितने दूल्हों ने अपनी नई जिंदगी का सपना बुना है. 1925 में शुरू हुए इस ब्रांड ने भारतीय शादियों में 'लग्जरी' की नई परिभाषा लिखी, लेकिन जिस ब्रांड की टैगलाइन 'द कंप्लीट मैन' है, उसी साम्राज्य के मालिक गौतम सिंघानिया की कहानी आज 'इनकंप्लीट' और विवादों से भरी नजर आती है. रफ्तार, रसूख और अरबों के साम्राज्य के बीच मालदीव के समंदर से उठी एक लहर ने मुंबई के गगनचुंबी 'जेके हाउस' की नींव हिला दी है.
ADVERTISEMENT
मालदीव का वो खौफनाक हादसा: जब मौत छूकर निकल गई
कहते हैं कि समंदर की लहरें और किस्मत की लकीरें कब बदल जाएं, कोई नहीं जानता. 19 मार्च को मालदीव के फैलीधु एटोल (Felidhoo Atoll) के शांत समंदर में गौतम सिंघानिया अपनी पसंदीदा 'स्पीड बोटिंग' का लुत्फ उठा रहे थे, तभी एक कथित 'मैकेनिकल फेलियर' हुआ और तेज रफ्तार बोट लहरों से टकराकर पलट गई.
मौत सामने खड़ी थी, लेकिन सिंघानिया किसी तरह बच निकले. उन्हें एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया, जहां वे अब रिकवरी मोड में हैं, लेकिन इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे जख्म दे दिए हैं. मशहूर रैली ड्राइवर हरि सिंह और पूर्व नौसेना कमांडर महेश रामचंद्रन (अर्जुन पुरस्कार विजेता) अभी भी लापता हैं. दावे किए जा रहे हैं कि उनके शव चट्टानों के बीच फंसे हो सकते हैं, लेकिन आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
गंभीर आरोपों के घेरे में सिंघानिया
हादसे के बाद गौतम सिंघानिया पर यह आरोप लग रहे हैं कि वे अपने साथियों को उनके हाल पर छोड़कर खुद मुंबई लौट आए. हालांकि, सिंघानिया के प्रवक्ता ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि यह एक 'मैकेनिकल फेलियर' के कारण हुआ हादसा था, न कि लापरवाही. गौतम सिंघानिया के लिए यह केवल एक शारीरिक चोट नहीं है, बल्कि उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी में चल रहे तूफानों का एक नया अध्याय है.
पिता से 'घर से बेदखल' करने वाली लड़ाई
यह भारतीय कॉर्पोरेट जगत के सबसे कड़वे संघर्षों में से एक है. जिस पिता विजयपत सिंघानिया ने 2015 में अपना पूरा साम्राज्य (करीब 1000 करोड़ के शेयर) बेटे को सौंप दिया, वही पिता बाद में किराये के मकान में रहने को मजबूर हुए. उन्होंने अपनी आत्मकथा 'इनकंप्लीट लाइफ' में आरोप लगाया कि गौतम ने उन्हें सड़क पर छोड़ दिया. हालांकि 9 साल बाद एक तस्वीर सामने आई जिसमें दोनों साथ दिखे, लेकिन विजयपत सिंघानिया ने साफ कर दिया कि 'सब कुछ ठीक नहीं हुआ है.'
पत्नी नवाज मोदी के साथ 'महंगा तलाक'
32 साल का साथ, 8 साल का अफेयर और 24 साल की शादी का अंत बेहद कड़वाहट के साथ हुआ. नवंबर 2023 में जब नवाज मोदी को जेके हाउस के गेट के बाहर रोका गया, तो यह विवाद दुनिया के सामने आ गया. नवाज ने गौतम पर मारपीट और जासूसी के गंभीर आरोप लगाए और 11,000 करोड़ की संपत्ति में से 75% हिस्से की मांग कर दी. जिस पत्नी के लिए गौतम कभी अपने पिता से भिड़ गए थे, आज वही उनके खिलाफ खड़ी हैं.
ब्रांड 'रेमंड' पर क्या होगा असर?
गौतम सिंघानिया एक काबिल बिजनेसमैन हैं, जिन्होंने विरासत में मिले ब्रांड को और ऊंचाई दी, लेकिन उनकी निजी जिंदगी की उथल-पुथल अब उनके ब्रांड इमेज पर हावी हो रही है.
ADVERTISEMENT


