हरियाणा में दूल्हे के भाई को गोली मारी, मेहमानों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, अमेरिका से रची साजिश?

ललित यादव

• 08:43 AM • 07 Dec 2024

हरियाणा के रोहतक जिले में एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना हुई. गांव किलोई में चल रही शादी के जश्न में अचानक गोलीबारी होने से खुशी मातम में बदल गई. बदमाशों ने शादी में शामिल मंजीत अहलावत नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी.

Haryana
Haryana
Google CTA

हरियाणा के रोहतक जिले में एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना हुई. गांव किलोई में चल रही शादी के जश्न में अचानक गोलीबारी होने से खुशी मातम में बदल गई. बदमाशों ने शादी में शामिल मंजीत अहलावत नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य युवक मंदीप घायल हो गया. घटना को अंजाम देने का शक अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ पर है.  

Read more!

शादी में आए बदमाश और अंधाधुंध फायरिंग  

घटना उस समय हुई जब झज्जर जिले के गांव डिगल से बारात भूमि गार्डन में आई थी. सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाश वहां पहुंचे. मंजीत और मंदीप शादी में खाने की टेबल पर बैठे थे, तभी बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. लगभग 8-10 राउंड गोलियां चलाई गईं.  मंजीत को सिर में गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मंदीप के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया.  

पुलिस ने जांच शुरू की  

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. डीएसपी वीरेंद्र सिंह और SHO प्रकाश चंद ने बताया कि मंजीत दिल्ली पुलिस का पूर्व कांस्टेबल रह चुका है और अब फाइनेंस का काम करता था. मंजीत रिश्ते में दूल्हे का भाई था. पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.  

हिमांशु भाऊ गैंग का कनेक्शन  

सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे हिमांशु भाऊ गैंग का हाथ है. गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में बैठकर हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों में आपराधिक गतिविधियों को संचालित करता है.  

हिमांशु भाऊ गैंग का आपराधिक इतिहास  

हिमांशु भाऊ का नाम पहली बार गोहाना में हलवाई मातूराम की दुकान पर फायरिंग के दौरान सामने आया था, जिसमें करोड़ों की फिरौती मांगी गई थी. इसके बाद से इस गैंग ने कई खतरनाक वारदातों को अंजाम दिया. हिमांशु सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपनी गैंग में जोड़ता है. उसके साथियों में हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर जैसे काला खर्मपुर (हिसार), नीरज फरीदपुर, और सौरभ गिडोली (गुरुग्राम) शामिल हैं.  पुलिस की मानें तो हिमांशु और उसके साथी अब अमेरिका में रहकर सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को गुमराह कर गैंग में शामिल कर रहे हैं. इन गैंग्स के जरिए हरियाणा में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है.