राजकोट: लेडी डॉक्टर के प्यार में पागल डॉक्टर ने क्लिनिक में लगाया जासूसी कैमरा, बनाए 3000 अश्लील वीडियो

राजकोट में एक डॉक्टर ने महिला डॉक्टर से एकतरफा प्यार में क्लिनिक में छिपा कैमरा लगाकर हजारों निजी वीडियो रिकॉर्ड किए. बाद में इन वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये मांगने का आरोप लगा. पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

gujarat
gujarat

ब्रिजेश दोशी

follow google news

गुजरात के राजकोट शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने चिकित्सा जगत और आम जनता को हैरान कर दिया है. यहां एक डॉक्टर ने एकतरफा प्यार में अंधी सनक के चलते अपनी ही महिला सहकर्मी के निजी पलों को कैमरे में कैद कर लिया. आरोपी ने क्लिनिक के बल्ब होल्डर में जासूसी कैमरा छिपाकर करीब 3,000 से ज्यादा वीडियो रिकॉर्ड कर लिए और उसके बाद ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू किया.

Read more!

बल्ब होल्डर में छिपा था राज

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी डॉ. कमल नांढा (BHMS) एक महिला डॉक्टर से एकतरफा प्यार करता था. जब उसे पता चला कि महिला डॉक्टर के संबंध किसी अन्य पुरुष डॉक्टर से हैं, तो उसने बदला लेने की साजिश रची. आरोपी ने साधु वासवानी रोड स्थित क्लिनिक के लेबर रूम में एक बल्ब होल्डर के अंदर स्पाइ कैमरा लगा दिया. जैसे ही लाइट का स्विच ऑन होता, रिकॉर्डिंग शुरू हो जाती थी.

2023 से चल रहा था जासूसी का खेल

डीसीपी क्राइम जगदीश बांगरवा के अनुसार, आरोपी साल 2023 से ही ये वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. वह मौका पाकर कैमरे का मेमोरी कार्ड बदल देता था. अब तक पुलिस को करीब 3,000 से 4,000 वीडियो क्लिप्स मिलने की जानकारी मिली है. इन वीडियो के जरिए पीड़ित डॉक्टर को बदनाम करने की धमकी दी गई.

25 लाख की फिरौती और पत्रकारों की संलिप्तता

हैरानी की बात यह है कि इस अपराध में कुछ स्थानीय 'तथाकथित' पत्रकार भी शामिल थे. डॉ. कमल ने इन वीडियो को पत्रकारों के साथ साझा किया, जिसके बाद पीड़ित डॉक्टर से 25 लाख रुपये की मांग की गई. डरा-धमकाकर अब तक 50,000 रुपये वसूले जा चुके थे. तंग आकर पीड़ित ने राजकोट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने डॉ. कमल नांढा समेत 13 लोगों के खिलाफ जबरन वसूली, आपराधिक साजिश और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

    follow google news