राजस्थान में SI भर्ती परीक्षा 2021 को रद्द करने के फैसले ने राजनीति गरमा दी है. RLP नेता हनुमान बेनीवाल ने इसे अपनी जीत बताया है. जयपुर में जुटी भारी भीड़ के सामने बेनीवाल ने कहा कि यह उन युवाओं की जीत है जो लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे. उन्होंने सीधा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा और कहा कि सरकार पहले इस भर्ती को रद्द नहीं करना चाहती थी लेकिन युवाओं के गुस्से और अदालत के दबाव की वजह से उन्हें झुकना ही पड़ा.
ADVERTISEMENT
'जल्द ही कुर्सी से हटेंगे भजनलाल शर्मा'
इस दौरान बेनीवाल ने एक बहुत बड़ी बात कही है. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कुर्सी अब खतरे में है और बहुत जल्द उनकी विदाई हो जाएगी. बेनीवाल के मुताबिक, दिल्ली में अब उनकी पार्टी (RLP) का दबदबा बढ़ गया है और राजस्थान को जल्द ही एक नया मुख्यमंत्री मिलेगा. उन्होंने आगे कहा कि 2028 के चुनाव में राजस्थान के युवा खुद की सरकार बनाएंगे. उन्होंने तमिलनाडु के मशहूर नेता थलापति विजय का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी पार्टी भी राजस्थान में 125 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है.
'8 लाख छात्रों को मिले दोबारा परीक्षा का मौका'
बेनीवाल ने उन छात्रों के बारे में भी बात की जिन्होंने मेहनत से पढ़ाई की थी. उन्होंने कहा कि जब पूरे सिस्टम में ही बेईमानी घुस गई हो तो सही और गलत का फैसला करना मुश्किल हो जाता है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि जब दोबारा परीक्षा हो तो उन सभी 8 लाख युवाओं को मौका दिया जाए जिन्होंने फॉर्म भरा था. बेनीवाल ने चेतावनी दी कि अब राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस की बारी-बारी वाली राजनीति नहीं चलेगी.
ADVERTISEMENT


