IMD Rain Alert: आज से 24 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में मॉनसून का रौद्र रूप

न्यूज तक डेस्क

• 11:08 AM • 20 Aug 2026

IMD Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय है. कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मॉनसून ट्रफ के कारण 20 अगस्त से 24 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट है.

NewsTak
Google CTA

IMD Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय है. कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके साथ मॉनसून ट्रफ भी सक्रिय बनी हुई है. इन मौसम प्रणालियों के असर से 20 अगस्त को उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है.

Read more!

मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में आंधी के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

कम दबाव का क्षेत्र बढ़ाएगा बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर झारखंड और आसपास के दक्षिण-पश्चिम बिहार तथा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश का बड़ा कारण है.

यह सिस्टम 19 अगस्त की सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन से कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया था. अगले 24 घंटे में इसके दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश से गुजरते हुए पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है.

मॉनसून ट्रफ फिरोजपुर, करनाल और हरदोई से होते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र तक पहुंच रही है. इसके बाद यह दीघा से होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली है. दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर और मध्य भारत में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश पर मौसम सिस्टम का खास असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी यूपी में 20 और 22 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त और 21-22 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. दक्षिण-पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में 20 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है.

बारिश के साथ हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में खुले इलाकों और कमजोर ढांचों के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश

पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 अगस्त तक बारिश का दौर बना रह सकता है. वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 से 23 अगस्त के बीच बारिश होने की संभावना है.

छत्तीसगढ़ में 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. मध्य भारत में सक्रिय मौसम सिस्टम के कारण कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली-NCR में बादल, बारिश के आसार

दिल्ली-NCR में 20 अगस्त को बारिश दूसरे प्रभावित राज्यों की तुलना में कम व्यापक रह सकती है. हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम

उत्तराखंड के कई हिस्सों में 20 अगस्त को भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग समेत कई इलाकों में तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है.

इन क्षेत्रों में हवा की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. देहरादून में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

हिमाचल में बारिश के साथ तेज हवाएं

हिमाचल प्रदेश में भी 20 अगस्त को बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मंडी, शिमला, सोलन, ऊना, बिलासपुर, चंबा, किन्नौर, हमीरपुर और कांगड़ा में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.

इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 16 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर के बारामूला, अनंतनाग, रियासी, गांदरबल, कुपवाड़ा, किश्तवाड़, शोपियां, पुंछ, रामबन और बांदीपोरा में भारी बारिश का अलर्ट है.इन इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. हवा की गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

पूर्वोत्तर से पश्चिमी तट तक बारिश

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का असर रहेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. कोंकण और गोवा में 25 अगस्त तक व्यापक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. तटीय कर्नाटक में भी व्यापक और भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

जोधपुर और बाड़मेर वालों के लिए IMD का बड़ा अलर्ट, जानें 20 अगस्त को मरुधरा में खिली रहेगी धूप या छाएंगे बादल?