किसकी गर्लफ्रेंड ज्यादा? दो दोस्तों की 'मर्दानगी' वाली सनक से ऐसे सामने आया अमरावती सेक्स स्कैंडल

अमरावती के कमल रेसिडेंसी में दो दोस्तों की आपसी रंजिश के चलते एक बड़े सेक्स स्कैंडल का खुलासा हुआ है. 'किसकी ज्यादा गर्लफ्रेंड' साबित करने के लिए बनाए गए वीडियो को पैसों के विवाद में टेलीग्राम पर वायरल कर दिया गया.

Amaravati
Amaravati

न्यूज तक डेस्क

follow google news

महाराष्ट्र के अमरावती शहर से सामने आया सेक्स स्कैंडल इन दिनों चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है. यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लगता, लेकिन इसकी सच्चाई ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है. एक साधारण से फ्लैट से शुरू हुई यह कहानी अब पुलिस जांच, गिरफ्तारी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तक पहुंच चुकी है. इस मामले में पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि जांच के लिए 40 सदस्यों वाली एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है.

Read more!

फ्लैट में चल रहा था रैकेट!

अमरावती के कटोरा नाका स्थित कमल रेसिडेंसी की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट को किराए पर लेकर यह रैकेट चलाया जा रहा था. पड़ोसियों के मुताबिक, इस फ्लैट में कोई परिवार नहीं रहता था, बल्कि लड़के-लड़कियों का लगातार आना-जाना लगा रहता था. अक्सर लड़कियां बुर्के या दुपट्टे से चेहरा छिपाकर यहां आती थीं. जब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद 'मानव' नाम का शख्स ताला लगाकर फरार हो गया.

दो दोस्तों की शर्त से हुआ खुलासा

पुलिस जांच में पता चला है कि इस पूरे कांड के पीछे 19-20 साल के दो दोस्तों, अयान अहमद और उजैर इकबाल की गंदी सनक थी. दोनों के बीच इस बात का मुकाबला रहता था कि किसके पास ज्यादा गर्लफ्रेंड हैं. अपनी बात साबित करने के लिए वे उन लड़कियों के वीडियो बना लेते थे.

हाल ही में उजैर ने अयान से कुछ पैसों की मांग की थी. अयान के इनकार करने पर उजैर ने गुस्से में आकर वे वीडियो टेलीग्राम पर वायरल कर दिए, जिससे पूरा मामला सामने आ गया. 

4 गिरफ्तार, SIT कर रही जांच

अमरावती ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में अब तक अयान अहमद, उजैर खान, मोहम्मद साद और तबरेज खान को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एक IPS अधिकारी के नेतृत्व में SIT बनाई गई है, जिसमें दो महिला स्टाफ भी शामिल हैं.

'पीड़ित सामने आएं'

इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अभी तक किसी भी पीड़ित लड़की या उसके परिवार ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है. लोक-लाज और बदनामी के डर से लोग आगे नहीं आ रहे हैं.

पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर अपील की है कि पीड़ित परिवार गोपनीय तरीके से रिपोर्ट लिखवाएं, उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. फिलहाल, पुलिस डिजिटल सबूतों के आधार पर केस को मजबूत करने में जुटी है.

    follow google news