Heavy Rain Alert: बारिश से फिर बिगड़ेंगे हालात! दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 07:57 AM • 16 Aug 2026

Heavy Rain Alert: IMD ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. दिल्ली-NCR में 16-17 अगस्त को बादल और हल्की बारिश हो सकती है.

NewsTak
Google CTA

Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर एक बार फिर तेज हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है.

Read more!

दक्षिण-पूर्वी झारखंड और आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड, उत्तरी ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में दिखाई देगा. इन इलाकों में अगले कुछ दिनों के दौरान कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 17 अगस्त को कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है.

पहाड़ों में बारिश से बढ़ी परेशानी

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. IMD के मुताबिक 21 अगस्त तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. 17 अगस्त को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कुछ जगह बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अलर्ट है.

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. हिमाचल से लेकर उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बाद ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में रविवार, 16 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. शाम और रात में भी बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है.

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

सोमवार, 17 अगस्त को भी दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के एक-दो दौर आ सकते हैं. रात में भी हल्की बारिश की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. IMD के ताजा बुलेटिन में 17 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

बिहार में 19 अगस्त तक कुछ स्थानों पर गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. उत्तर प्रदेश में भी 16-17 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

15 अगस्त को कई जगह हुई जोरदार बारिश

बारिश का असर पहले ही कई राज्यों में देखने को मिला है. 15 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई.

पूर्वी राजस्थान के बाड़ी और धौलपुर में 14 सेंटीमीटर बारिश हुई. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गुलैर में 13 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. उत्तराखंड के शामा और तेजम में भी 13-13 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई.

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.