रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान से शानदार जीत हासिल की है. लंबे वक्त से इंतजार किए जा रहे इस हाई-वोल्टेज मैच में भारतीय टीम हर मोर्चे पर भारी नजर आई और पाकिस्तान को 61 रन से मात दे दी.
ADVERTISEMENT
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम दबाव झेल नहीं पाई और पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई. मुकाबला शुरू से ही भारत के नियंत्रण में दिखा और अंत तक एकतरफा बना रहा.
पाकिस्तान में टीम की जमकर आलोचना
इस बड़ी हार के बाद पाकिस्तान में टीम की जमकर आलोचना हो रही है. न्यूज एंकर हुदा शाह ने तो खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेशर्मी की हद तक बता दिया. एक वायरल वीडियो में वह कहती नजर आईं कि हारना तो तय था लेकिन टीम थोड़ा संघर्ष तो दिखा सकती थी. उनके मुताबिक, अगर खिलाड़ी थोड़ा और कोशिश करते तो मैच इतना खराब तरीके से खत्म नहीं होता.
टीम ने किस बात की प्रैक्टिस की थी?
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर टीम ने किस बात की प्रैक्टिस की थी? बैटिंग और बॉलिंग की तैयारी की खबरें तो बहुत आईं लेकिन मैदान पर उसका कोई असर नजर नहीं आया. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पहले से अंदेशा था कि टीम को भारी बेइज्जती झेलनी पड़ सकती है, और वही हुआ.
गुस्से में उन्होंने खिलाड़ियों को निकम्मा तक कह दिया और यहां तक बोल दिया कि अगर ऐसी हार झेलनी थी तो मुकाबला खेलने का फैसला ही वापस ले लेते. कम से कम इस तरह की शर्मिंदगी से बचा जा सकता था.
पाकिस्तान ने बहिष्कार की धमकी दी थी
गौरतलब है कि विश्व कप से पहले पाकिस्तान की ओर से टूर्नामेंट के बहिष्कार की धमकी भी दी गई थी और भारत के खिलाफ नहीं खेलने की बात कही गई थी. हालांकि बाद में उन्होंने अपना फैसला बदला और टीम मैदान में उतरी, लेकिन प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा.
इस मैच में उस्मान तारिक को पाकिस्तान का ट्रंप कार्ड माना जा रहा था, मगर सूर्य कुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम के सामने उनकी कोई रणनीति काम नहीं आई.
भारत की जीत के बाद धार्मिक कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री का बयान भी चर्चा में आ गया. उन्होंने कहा कि जैसे ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने दुश्मनों को जवाब दिया था, वैसे ही क्रिकेट मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को करारा सबक सिखाया. उन्होंने जोश में यह भी कहा, 'आखिर बाप तो बाप होता है. यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए यादगार जीत लेकर आया जबकि पाकिस्तान को अब अपनी कमजोरियों पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: 32 बॉल, 100 रन और एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड... मिलिए बिहार के नए 'रन मशीन' शाकिबुल गनी से, जिसने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
ADVERTISEMENT

