अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 25% रेसिप्रोकल टैरिफ में कटौती कर इसे 18% कर दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर यह जानकारी शेयर की है. उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस से तेल खरीद कम करने और अमेरिका से अधिक तेल लेने पर सहमत हुए है. इसके बाद पीएम मोदी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% रह जाना राहत भरी खबर है.
ADVERTISEMENT
हालांकि, रूस से तेल आयात के कारण लगाए गए अतिरिक्त 25% टैरिफ को लेकर दोनों देशों की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है. अमेरिका ने अगस्त 2025 में भारत पर दो चरणों में टैरिफ लगाया था. पहली बार 1 अगस्त को व्यापार घाटे का हवाला देते हुए 25% टैरिफ लागू किया गया. इसके बाद 27 अगस्त को रूस से तेल खरीद को कारण बताते हुए 25% अतिरिक्त टैरिफ जोड़ा गया था.
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक स्तर पर कई बड़े कूटनीतिक और आर्थिक घटनाक्रम चल रहे हैं. इस बीच ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर भारत से जुड़ी दो तस्वीरें भी साझा कीं. एक India Gate की और दूसरी पीएम मोदी के साथ इंडिया टुडे मैगजीन कवर की.
ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा,
आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बात करना सम्मान की बात थी. वे मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं, और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने व्यापार, और रूस एवं यूक्रेन के साथ युद्ध को समाप्त करने सहित कई चीजों के बारे में बात की. वे रूसी तेल खरीदना बंद करने, और संयुक्त राज्य अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से बहुत अधिक (तेल) खरीदने के लिए सहमत हुए. इससे यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जो अभी चल रहा है, और जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं! प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध के अनुसार, तत्काल प्रभाव से, हम संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए, जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका कम पारस्परिक शुल्क (Reciprocal Tariff) लगाएगा, जिसे 25% से घटाकर 18% कर दिया जाएगा. वे (भारत) इसी तरह संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करके शून्य (ZERO) करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे. प्रधानमंत्री ने $500 बिलियन डॉलर से अधिक की अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पादों के अलावा, बहुत उच्च स्तर पर "BUY AMERICAN" के लिए भी प्रतिबद्धता जताई. भारत के साथ हमारा अद्भुत रिश्ता आगे चलकर और भी मजबूत होगा. प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम करके दिखाते हैं (GET THINGS DONE), ऐसी बात जो ज्यादातर लोगों के लिए नहीं कही जा सकती. इस मामले पर आपके ध्यान देने के लिए धन्यवाद!
ईरान नहीं, वेनेजुएला से तेल खरीदेगा भारत!
ट्रंप ने दावा किया है कि कि भारत अब ईरान के बजाय वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदेगा. ट्रंप के मुताबिक, इसके लिए डील लगभग तय हो चुकी है. पीएम मोदी ने इस डील की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दी है. बता दें बीते दिनों ही ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बताया था कि भारत और वेनेजुएला के बीच तेल सौदे की रूपरेखा तय हो चुकी है.
पीएम मोदी ने लिखा - राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद
ट्रेड डील पर सहमति के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट लिखकर अमेरिकी राष्ट्रपति का धन्यवाद जताते हुए लिखा, "आज अपने प्यारे दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. खुशी है कि अब मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स पर टैरिफ 18% कम हो जाएगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद.
जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए बहुत सारे मौके खुलते हैं. वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत ज़रूरी है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है. मैं अपनी पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं."
ट्रम्प ने इंडिया गेट की तारीफ की
कुछ घंटे पहले ही ट्रम्प ने इंडिया गेट की तस्वीर शेयर कर उसे बहुत खूबसूरत ट्रायम्फल आर्च बताया. साथ ही लिखा कि अमेरिका में बनने वाला उनका आर्च इससे भी शानदार होगा.
दरअसल, ट्रम्प वॉशिंगटन डीसी में 'आर्क डी ट्रम्प' नाम से एक विशाल द्वार बनवाने की योजना पर काम कर रहे हैं. इसका डिजाइन पेरिस के Arc de Triomphe से प्रेरित बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस डिजाइन आइडिया में ट्रम्प की व्यक्तिगत रुचि और भागीदारी भी रही है.
13 महीनों में 7 बार फोन पर बातचीत
ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक मोदी और ट्रम्प के बीच सात बार फोन पर बातचीत हो चुकी है.
पहली कॉल 27 जनवरी 2025 को बधाई संदेश के लिए हुई थी. इसके बाद अलग-अलग मौकों आतंकी हमले पर संवेदना, निमंत्रण, जन्मदिन, दिवाली शुभकामनाएं और द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत हुई है.
ADVERTISEMENT

