ईरान का भीषण पलटवार! इजरायल पर 70 बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला, तेल अवीव से येरुशलम तक सायरन

Iran Missile Attack: ईरान ने इजरायल पर 70 बैलेस्टिक मिसाइलें दागकर युद्ध का एलान कर दिया है. येरुशलम और हाइफा समेत कई शहरों में सायरन बज रहे हैं और देश में इमरजेंसी लगा दी गई है. यह हमला तेहरान पर हुए हवाई हमलों का बदला माना जा रहा है.

Iran Missile Attack
Iran Missile Attack

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Iran Missile Attack: ईरान और इजरायल के बीच सीधी जंग शुरू हो गई है. ईरान ने इजरायल पर एक के बाद एक 70 बैलेस्टिक मिसाइलें दागकर भीषण जवाबी कार्रवाई की है. इस हमले के बाद पूरे इजरायल में खतरे के सायरन गूंज रहे हैं और लोगों को बम शेल्टर में जाने के निर्देश दिए गए हैं.

Read more!

मिसाइल लॉन्च की पुष्टि, IDF ने किया अलर्ट

इजरायली सेना (IDF) ने पुष्टि की है कि ईरान की ओर से बैलेस्टिक मिसाइलें लॉन्च की गई हैं. जैसे ही मिसाइलों की पहचान हुई, पूरे देश में अलर्ट सिस्टम सक्रिय कर दिया गया. होम फ्रंट कमांड ने मोबाइल फोन पर लोगों को चेतावनी संदेश भेजे.

किन शहरों को बनाया गया निशाना?

ईरानी मिसाइलों की जद में आने वाले शहरों में येरुशलम, हाइफा और शेफेल्लाह शामिल हैं. उत्तरी इजरायल में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं. आसमान में इंटरसेप्शन के दौरान धमाके देखे गए.

दूसरी खेप भी दागी गई

रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने पहली खेप के बाद दूसरी बार भी मिसाइलें दागीं. IDF ने बताया कि एक और लॉन्च डिटेक्ट किया गया है. इजरायल का एंटी-मिसाइल डिफेंस सिस्टम पूरी क्षमता से सक्रिय है और अधिकांश मिसाइलों को हवा में ही नष्ट किया जा रहा है.

नेशनवाइड इमरजेंसी घोषित

इजरायली सरकार ने पूरे देश में विशेष आपातकाल (Special State of Emergency) घोषित कर दिया है. नागरिकों को निर्देश दिया गया है कि वे सुरक्षित स्थानों और बम शेल्टर के पास रहें. पूरे देश में लगातार सायरन बज रहे हैं.

इजरायल की मैगन डेविड एडोम एम्बुलेंस सेवा के अनुसार अब तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है. कम से कम दो मिसाइलें दागे जाने की बात कही गई है, जिनमें से एक खुले क्षेत्र में गिरी. इससे पहले तेहरान के डाउनटाउन और सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के दफ्तर के पास भीषण विस्फोट हुए थे, जिसके बाद ईरान ने यह जवाबी कार्रवाई की है.

तीन तरफ से घेरा गया इजरायल

खबरों के मुताबिक, इजरायल पर सिर्फ ईरान ने ही नहीं, बल्कि उसके सहयोगियों ने भी हमला बोला है. यमन से हूती विद्रोहियों ने लाल सागर और इजरायल की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें छोड़ी हैं. वहीं, लेबनान की सीमा से आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह ने भी मोर्चा खोल दिया है. उत्तरी इजरायल में लगातार धमाकों की आवाजें सुनी जा रही हैं.

इससे पहले ईरान पर हुआ था हमला

इससे पहले इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर संयुक्त कार्रवाई की थी. तेहरान के डाउनटाउन और केंद्रीय इलाकों में 3 से 5 बड़े धमाकों की खबर सामने आई थी. कई स्थानों से घना धुआं उठता देखा गया. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि धमाके सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के आसपास हुए.

लगातार मिसाइल हमलों और जवाबी कार्रवाई के बीच मध्य पूर्व में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं. अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब इस टकराव पर टिकी है, क्योंकि यह संघर्ष बड़े युद्ध का रूप ले सकता है.

    follow google news