ADVERTISEMENT
Indian woman in Israel: इजरायल में इन दिनों हालात काफी तनावपूर्ण हैं. ईरान की ओर से हो रहे मिसाइल हमलों ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक महिला का वीडियो काफी वायरल हो रहा है.
गुजरात की रहने वाली रानी इजरायल में अपने परिवार के साथ रहती हैं, युद्ध के बीच वह इंस्टाग्राम रील्स के जरिए वहां की ग्राउंड जीरो रिपोर्ट इंस्टा पर शेयर कर रही है. रानी के वीडियो युद्ध के बीच जीने की जद्दोजहद को दिखा रहे हैं.
निवाला मुंह में लेते ही भागना पड़ता है बंकर
रानी ने एक वीडियो में दिखाया कि कैसे वह परिवार के साथ खाना खाने बैठी ही थीं कि अचानक हवाई हमले का सायरन बज उठा. पहला निवाला मुंह में लेते ही उन्हें सब छोड़कर अंडरग्राउंड बंकर की ओर भागना पड़ा. धमाके इतने जोरदार थे कि उनके घर के पास ही मिसाइल का मलबा गिरा, जिससे उनके बेसमेंट की दीवारें तक हिल गईं.
त्यौहार की जगह मिसाइलों का 'सेलिब्रेशन'
इजरायल में छुट्टियों का समय शुरू हो रहा था, लेकिन रानी बताती हैं कि वहां खुशियों की जगह ईरान की मिसाइलों ने दस्तक दे रखी है. एक वीडियो में वह बाहर जाने के लिए तैयार हो रही थीं, तभी सायरन बजने लगा और उन्हें तुरंत सुरक्षा के लिए बंकर में शरण लेनी पड़ी.
उनके वीडियो में मिसाइल डिफेंस सिस्टम के काम करने और आसमान में होने वाले धमाकों की आवाजें साफ सुनी जा सकती हैं, जो किसी को भी डराने के लिए काफी हैं.
रानी के सोशल मीडिया पेज पर ऐसे कई वीडियो हैं जो बताते हैं कि इजरायल में लोग अब सायरन और अलर्ट के बीच ही जीना सीख गए हैं. युद्ध के इस माहौल में हर पल अनिश्चितता बनी रहती है.
ADVERTISEMENT


