'प्लीज हमें घर ले चलो...', ईरान-इजरायल जंग में फंसा IPL खेल चुका ये बड़ा प्लेयर, प्रधानमंत्री से मांगी मदद

न्यूज तक डेस्क

• 11:22 AM • 01 Mar 2026

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण क्रिकेट और खेल जगत प्रभावित हुआ है. इंग्लैंड के क्रिकेटर जॉनी बेयरस्टो अबू धाबी में फंस गए हैं और उन्होंने ब्रिटिश पीएम से सुरक्षित घर वापसी की अपील की है. वहीं, पीवी सिंधु भी दुबई में फंसी हुई हैं.

Jonny Bairstow
Jonny Bairstow
Google CTA

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर जॉनी बेयरस्टो अबू धाबी में फंस गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाई है. इलाके में मिसाइल हमलों के अलर्ट और धमाकों की खबरों के बीच पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच होने वाला क्रिकेट मैच भी रद्द कर दिया गया है.

Read more!

मैदान से जंग के मैदान तक का खौफ

आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो इस समय अबू धाबी (UAE) में 'इंग्लैंड लायंस' टीम के साथ बतौर मेंटर मौजूद हैं. 1 मार्च को पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लायंस के बीच मुकाबला होना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे रद्द कर दिया गया.

अबू धाबी में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. खबरों के मुताबिक, वहां तेज धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं और स्थानीय प्रशासन ने लोगों के मोबाइल पर मिसाइल हमले के अलर्ट जारी किए हैं. लोगों को खिड़कियों से दूर रहने और सुरक्षित इमारतों में शरण लेने की सलाह दी गई है. इसी दहशत के बीच बेयरस्टो ने ब्रिटिश पीएम को टैग करते हुए लिखा, "क्या आप हमें घर पहुंचा सकते हैं?"

पीवी सिंधु और भारतीय खिलाड़ी भी परेशान

बेयरस्टो ही नहीं भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु भी इस तनाव की चपेट में आ गई हैं. सिंधु दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं. उन्हें ऑल इंग्लैंड ओपन के लिए बर्मिंघम जाना था, लेकिन तनाव के कारण कनेक्टिंग फ्लाइट्स सस्पेंड कर दी गई हैं. मिडिल ईस्ट में अमेरिकी नौसेना और वायुसेना के बेस होने की वजह से हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा है.

कौन हैं जॉनी बेयरस्टो?

36 साल के जॉनी बेयरस्टो क्रिकेट जगत का बड़ा नाम हैं. IPL करियर की बात करें तो उन्होंने 52 मैचों में करीब 1674 रन बनाए हैं. वे सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं.

इंटरनेशनल रिकॉर्ड में इंग्लैंड के लिए 100 टेस्ट खेलने वाले बेयरस्टो के नाम 6000 से ज्यादा टेस्ट रन और 100 से ज्यादा वनडे मैचों का अनुभव है.

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने कहा है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और वे लगातार सरकार और सुरक्षा विशेषज्ञों के संपर्क में हैं.