पति से विवाद में मदद मांगने पहुंची थी महिला, फार्महाउस में जो हुआ उससे मचा हड़कंप, पूर्व BJP विधायक पर FIR

मिथिलेश गुप्ता

• 03:01 PM • 17 Sep 2026

कल्याण में पति से विवाद सुलझाने पहुंची 22 वर्षीय विवाहिता को मदद के बहाने भिवंडी के फार्महाउस ले जाकर बंदूक की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है.

BJP के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार
BJP के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार
Google CTA

महाराष्ट्र के कल्याण से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. पति के साथ चल रहे विवाद में मदद पाने की उम्मीद लेकर पहुंची 22 साल की एक विवाहिता के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. पीड़िता ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व विधायक नरेंद्र पवार और बर्खास्त पुलिसकर्मी शैलेश पाटील पर बंदूक की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है. शिकायत के बाद पडघा पुलिस स्टेशन में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

Read more!

मदद के बहाने बुलाया और बनाया शिकार

पीड़िता के अनुसार, उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था. इसी पारिवारिक झगड़े को सुलझाने का आश्वासन देकर पूर्व विधायक नरेंद्र पवार ने उसे अपने दफ्तर बुलाया था. आरोप है कि 13 सितंबर को नरेंद्र पवार और शैलेश पाटील उसे भिवंडी तालुका के बापगांव इलाके में मौजूद एक फार्महाउस पर ले गए.

फार्महाउस पहुंचते ही माहौल बदल गया. पीड़िता का दावा है कि वहां उसे हथियार दिखाकर डराया-धमकाया गया और जबरन शराब पिलाई गई. इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ घिनौनी हरकत की. वारदात के बाद तड़के करीब 2 बजे नरेंद्र पवार वहां से निकल गया, लेकिन शैलेश पाटील ने उसके बाद भी महिला के साथ दोबारा ज्यादती की. आखिरकार, सुबह लगभग 4 बजे पाटील के घर के केयरटेकर ने पीड़िता को उसके घर पहुंचाया.

व्हॉट्सऐप चैट और वीडियो बने सबूत

इस खौफनाक वारदात से सहमी पीड़िता ने आखिरकार 16 सितंबर को हिम्मत जुटाई और कांग्रेस नगरसेविका व गुटनेता कांचन कुलकर्णी से संपर्क किया. पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए उनसे जुड़े कई वॉट्सऐप चैट और वीडियो सबूत के तौर पर कांचन कुलकर्णी को दिखाए.

मामले की गंभीरता को देखते हुए कांचन कुलकर्णी तुरंत पीड़िता को लेकर पडघा पुलिस थाने पहुंचीं. उन्होंने खुद राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) सदानंद दाते से फोन पर बात की और पूरी घटना की जानकारी दी. डीजीपी के हस्तक्षेप और कड़े निर्देशों के बाद पडघा पुलिस तुरंत हरकत में आई.

पुलिस की कार्रवाई और 48 घंटे का अल्टीमेटम

पडघा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज गिर ने प्राथमिक जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म करने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

इस घटना के बाद से ही स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की गुहार लगाई है. वहीं, कांचन कुलकर्णी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस को 48 घंटे की मोहलत दी है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे हजारों महिलाओं के साथ पडघा पुलिस स्टेशन का घेराव कर जोरदार आंदोलन करेंगी. फिलहाल पुलिस फार्महाउस के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाने में लगी हुई है.

ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार को RJD के साथ आने का ऑफर, JDU ने दिया दो टूक जवाब