Siya Goyal Parents Statement: पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, मामला और भी हैरान करने वाला होता जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता पहली बार मीडिया के सामने आए हैं. अपनी बेटी पर लगे आरोपों और पुलिस जांच के बीच सिया के माता-पिता बेहद भावुक नजर आए. उन्होंने साफ कहा कि अगर उनकी बेटी या उनका परिवार इस साजिश में शामिल है, तो कानून उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दे.
ADVERTISEMENT
'दोषी हैं तो हमें फांसी पर लटका दो'
जांच के घेरे में आए सिया के परिवार ने साफ किया कि उन्हें चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. मीडिया से बातचीत में सिया के पिता प्रवीण गोयल और उनकी मां ने रोते हुए कहा, "अगर हमें इस बात की जरा भी भनक होती तो हम यह रिश्ता कभी नहीं करते. अगर पुलिस जांच में हमारी कोई भी गलती निकलती है, तो हमें सरेआम फांसी दे दी जाए."
'सिया को भी उसी किले से धक्का दे दो'
अपनी बेटी के खिलाफ मिल रहे सबूतों पर पिता प्रवीण गोयल भी बेहद सख्त और भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि अगर सिया ने यह खौफनाक अपराध किया है और वह दोषी साबित होती है, तो उसे भी कानूनन वही सजा मिलनी चाहिए. भावुक होकर उन्होंने यहां तक कह दिया, "अगर सिया ने केतन की जान ली है, तो उसे भी उसी लोहागढ़ किले पर ले जाकर खाई में धक्का दे देना चाहिए, जहां से गिरकर केतन की मौत हुई."
गोवा की शादी में तय हुआ था रिश्ता
रिश्ते की शुरुआत की कहानी बताते हुए प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन और सिया का रिश्ता किसी मैट्रिमोनियल साइट या पारंपरिक बिचौलियों के जरिए नहीं हुआ था. दरअसल, गोवा में परिवार के एक विवाह समारोह के दौरान केतन के परिवार ने पहली बार सिया को देखा था. सिया उन्हें पसंद आ गई और उन्होंने खुद रिश्ते की बात आगे बढ़ाई. इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता पक्का हुआ था.
बेटे से बढ़कर था केतन
केतन को याद करते हुए सिया के पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए. उन्होंने बताया, "केतन जब भी हमारे घर आता था, हमेशा मुझे 'पापा जी' कहकर बुलाता था. वह घंटों हमारे साथ बैठता, बातें करता और परिवार के सदस्य की तरह घुल-मिल गया था. धीरे-धीरे वह हमें अपने बेटे से भी ज्यादा प्यारा लगने लगा था. उसका व्यवहार और सबका सम्मान करने का तरीका बेहद शानदार था." उन्होंने कहा कि केतन की मौत की खबर ने सिर्फ एक इंसान को नहीं खोया, बल्कि दो परिवारों का भरोसा और एक खूबसूरत रिश्ता हमेशा के लिए तोड़ दिया है.
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीती 18 जून को पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले की खाई में गिरने से केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
पुलिस के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की यह साजिश रची थी. किले पर घूमते वक्त सिया के इशारे पर ही चेतन ने केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया था. फिलहाल पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT


