केतन अग्रवाल हत्याकांड में अदालत में पेशी के दौरान सिया गोयल की कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हुई थी. जिसमें दावा किया गया था कि वह पुलिस की मौजूदगी में मीडिया कैमरों की तरफ 'मिडिल फिंगर' दिखा रही है. इस पर तरह-तरह की बातें होने लगीं, जिसके बाद अब सिया के पिता सामने आए हैं और उन्होंने इस विवाद पर एक अलग ही कहानी बताई है. पिता प्रवीण गोयल का दावा है कि सिया की उंगली दरवाजे में फंस गई थी और उसे चोट लगी थी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है.
ADVERTISEMENT
उनके मुताबिक, जिस दिन पुलिस वेरिफिकेशन के लिए सिया को उनके घर लेकर आई थी उसी दौरान गाड़ी का दरवाजा बंद करते वक्त उसकी दो उंगलियां उसमें फंस गई थीं. हादसे की वजह से सिया की उंगलियों में काफी सूजन आ गई थी और नाखून भी नीले पड़ गए थे. पिता का कहना है कि दर्द और सूजन की वजह से हाथ की जो स्थिति कैमरे में कैद हुई. उसे लोगों ने गलत तरीके से पेश कर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को भरोसा न हो तो मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी इस बात की पुष्टि की जा सकती है.
स्नैपचैट चैट ने बढ़ाई मुश्किलें
एक तरफ जहां वायरल फोटो को लेकर पिता सफाई दे रहे हैं वहीं दूसरी तरफ सिया की एक सहेली के साथ हुई स्नैपचैट चैट लीक होने से इस मामले में नया मोड़ आ गया है. यह बातचीत बीती 25 मई की बताई जा रही है. इस चैट में सिया अपनी सहेली से मैरिज बुकिंग के लिए उसका आधर कार्ड मांगती है. लेकिन इसके ठीक बाद लिखा गया एक मैसेज अब सबसे बड़ा सस्पेंस बन गया है. दरअसल उसमें लिखा था- "वैसे भी शादी तो होने वाली नहीं है, फिर भी तुम अपना आधार कार्ड भेज दो."
इस एक लाइन ने जांच एजेंसियों के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या सिया को मई में ही पता था कि केतन के साथ उसकी शादी नहीं होगी? क्या मंगेतर की हत्या की साजिश काफी पहले से रची जा रही थी या यह सिर्फ सहेलियों के बीच की सामान्य बात थी?
डेढ़ महीने की प्रैक्टिस और सीक्रेट कोड वर्ड्स
वडगांव सत्र न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस पहले ही कोर्ट में यह दावा कर चुकी है कि दोनों आरोपी करीब डेढ़ महीने से वारदात की तैयारी कर रहे थे. जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों कथित तौर पर केतन को धक्का देने की बकायदा प्रैक्टिस (रिहर्सल) कर रहे थे और आपस में बातचीत के लिए खास 'कोड वर्ड्स' का इस्तेमाल करते थे. फिलहाल पुलिस दोनों के मोबाइल, डिलीट किए गए चैट्स और डिजिटल गतिविधियों को खंगाल रही है.
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला 18 जून का है. इसी दिन 26 साल की रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोनावला के लोहागढ़ किले पर घूमने गए थे. शुरुआत में पहाड़ी से गिरकर हुई केतन की मौत को एक हादसा माना गया था.लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी सबूतों, मोबाइल लोकेशन और बयानों की कड़ियों को जोड़ा, तो पता चला कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या थी. पुलिस का दावा है कि सिया का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी भी पहले से वहां मौजूद था और दोनों ने मिलकर केतन को धक्का दिया था. फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: वेडिंग टिकट करवा रही लेकिन शादी होने वाली है नहीं... सिया गोयल के स्नैपचैट मैसेज से चेतन मर्डर मामले में
ADVERTISEMENT


