Ketan Agrawal and Siya Goyal Case: कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत ने सभी को हैरान कर दिया है. 26 वर्षीय केतन अपनी मंगेतर के साथ महाराष्ट्र के पुणे स्थित टूरिस्ट प्लेस लोहागढ़ फोर्ट पर घूमने गए थे. शुरुआत में यह मामला एक हादसा माना जा रहा था. बताया गया कि फोटो खींचते समय उनका पैर फिसल गया था जिससे केतन गहरी खाई में गिर गए. लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी पूरी तरह बदल गई. मामले में कथित तौर पर एक सुनियोजित साजिश की बात पता चली. घटना में मंगेतर सिया के कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी का नाम सामने आया. लोहागढ़ किले में उसकी मौजूदगी और यहां हुई एक बड़ी चूक ने पूरे मामले की परतें खोल दीं, जिसके बाद पुलिस ने इस कथित साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
ADVERTISEMENT
ये बड़ी चूक चेतन चौधरी पर पड़ी भारी?
पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन विशाल अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल के साथ उसी दिन लोहागढ़ फोर्ट पर चेतन चौधरी भी गया था. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जब टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो वीडियो में केतन और सिया एक साथ ट्रैक पर जाते हुए दिखे. लेकिन इनकी कुछ ही दूरी पर एक शॉर्ट्स के साथ हुडी पहना हुआ अन्य युवक भी दिखा. युवक ने हुडी से अपने पूरे चेहरे को ढका हुआ था और इसके ऊपर हेडसेट लगाया हुआ था. इस वजह से उसके चेहरे की पहचान करना मुश्किल हो रहा था.
कैसे हुई चेतन चौधरी की पहचान?
यहां अब सवाल उठता है कि आखिर कैसे हुई चेतन चौधरी की पहचान? दरअसल, टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी की फुटेज से ही पूरा मामला खुला. जांच में पुलिस के दौरान 33 डिग्री तापमान में हुडी पहने एक युवक को देखकर पुलिस को शक हुआ. बस क्या था यही से पूरा मामला पलट गया. पुलिस ने मामले की जांच की एक एक मामले की परतें एक-एक कर खुलती चली गईं.
33 डिग्री गर्मी में हुडी पहनने से हुआ शक
जांच अधिकारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह आया कि जब इलाके का तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस था तो तब कोई शख्स हुडी क्यों पहनेगा? इतनी तेज गर्मी में खुद को सिर से पैर तक कवर करके रखना किसी के भी गले नहीं उतर रहा था. फिर एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि सिया जैसे ही पीछे मुड़ती है तो हुडी वाला लड़का फौरन नीचे बैठ जाता है. उसकी इस अजीब हरकत ने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया.
मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार चेतन चौधरी तक पहुंच गई. पुलिस ने जब टेक्निकल डेटा और कॉल डिटेल्स खंगाली तो इसमें चौंकाने वाला सच सामने आया. सिया और चेतन लंबे समय से लगातार एक दूसरे के संपर्क थे. दोनों के बीच फोन पर कई घंटों तक बात हुई. इसी कॉल रिकॉर्ड से जांच अधिकारियों को दोनों के अफेयर होने का संकेत मिले.
केतन ने नहीं लिया था किले का टिकट
वहीं मामले में आज तक ने लोहागढ़ किले के गेटकीपर धीरज जाधव से बात की. धीरज ने बताया कि चेतन चौधरी ने किले में आते हुए अपने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था. धीरज के अनुसार चेतन पूरी तरह से लंबी बाजू वाले स्पोर्ट्स कपड़ों से ढंका हुआ था. इस बीच गेट पर जाधव ने जब उससे एंट्री का टिकट मांगा तो चेतन ने कहा कि वो ऊपर सिर्फ एक्सरसाइज करने जा रहा है और उसने 25 रुपये की कीमत का टिकट लेने से मना कर दिया.
पहले भी केतन को लोहागढ़ ले जाने की फिराक में थी सिया
पुलिस की पूछताछ में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है कि सिया इससे पहले भी कई मर्तबा केतन को लोहगढ़ किले पर ले जाने का मन बना चुकी थी. परिजनों के मुताबिक, बीती 14 जून को भी सिया उसे इसी किले पर लेकर गई थी. आरोप है कि वहां भी उसने केतन को खाई में गिराकर जान से मारने की कोशिश की थी, लेकिन तब वह किसी तरह बच निकला. हालांकि, इसके कुछ ही दिनों बाद अपनी दूसरी कोशिश में सिया केतन को मौत के घाट उतारने में कामयाब रही.
इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को मर्डर और साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े हर एक डिजिटल और तकनीकी सबूत को बारीकी से खंगालने में जुटी है.
ADVERTISEMENT


