दिनदहाड़े दूल्हे के सामने दुल्हन को सड़क पर घसीटते हुए किया किडनैप, दुल्हन ने पहले ही जारी किया था वीडियो

प्राची अवस्थी

27 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 27 2026 3:25 PM)

मध्य प्रदेश के खंडवा में दिनदहाड़े नई नवेली दुल्हन के अपहरण का मामला सामने आया है. मालीकुंआ इलाके में नोटरी के पास कागजात बनवा रहे दूल्हे के साथ मारपीट कर 10-15 लोगों ने दुल्हन को जबरन कार में बैठा लिया. पढ़ें पूरी खबर.

दिनदहाड़े दुल्हन की हुई किडनैपिंग
दिनदहाड़े दुल्हन की हुई किडनैपिंग
Google CTA

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां व्यस्त मालीकुंआ इलाके में दिनदहाड़े एक नई नवेली दुल्हन का अपहरण कर लिया गया. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 10-15 लोग तेजी से आते और दुल्हन को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

Read more!

शादी के कागजात बनवाने पहुंचे थे दूल्हा- दुल्हन

खंडवा के व्यस्त मालीकुंआ इलाके में तेजपाल मानसिंह राजपूत अपनी नई नवेली पत्नी तंजीम मंसूरी के साथ शादी के कागजात बनवाने के लिए एक नोटरी के पास पहुंचा था. इसी दौरान अचानक 10 से 15 लोग वहां आ धमके. आरोप है कि उन्होंने दूल्हे तेजपाल के साथ मारपीट की और दुल्हन को सड़क पर घसीटते हुए कार तक ले गए, जिसके बाद आरोपी उसे गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए. घटना के बाद, पीड़ित दूल्हे ने पुलिस से अपनी पत्नी को सुरक्षित वापस दिलाने की मांग की है.

लिव-इन रिलेशनशिप और मंदिर में शादी की पूरी कहानी

सामने आई जानकारी के मुताबिक, तेजपाल राजपूत और तंजीम मंसूरी के पिछले दो से तीन साल से प्रेम संबंध थे. दोनों ने साथ जीने का फैसला किया और 20 अक्टूबर को पीथमपुर चले गए थे. इस बीच लड़की के परिवार वालों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी.

महादेवगढ़ के प्रमुख अशोक पालीवाल ने बताया कि पुलिस के दबाव के बाद दोनों ने पहले लिव-इन के दस्तावेज बनवाए और फिर महादेवगढ़ मंदिर में शादी कर ली. पुलिस के सामने युवती के बयान दर्ज करवाने से पहले वे नोटरी के समक्ष शपथपत्र तैयार करवाना चाहते थे, और इसी दौरान यह पूरी घटना हो गई.

अपहरण से पहले वायरल हुआ था दुल्हन का वीडियो

अपहरण की इस घटना से पहले तंजीम मंसूरी ने एक वीडियो भी जारी किया था. इस वीडियो में उसने साफ कहा था कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से तेजपाल के साथ आई है. उसने स्वेच्छा से शादी करने की बात कहते हुए खुद को अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र बताया था. साथ ही, उसने अपने परिवारवालों से अपील की थी कि वे पुलिस का सहारा लेकर तेजपाल के परिवार को परेशान न करें.

परिजनों पर शादी के विरोध का आरोप

शुरुआती जानकारी के अनुसार, लड़की के परिजन इस शादी के खिलाफ थे और आरोप है कि उन्होंने ही अपनी बेटी का अपहरण करवाया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल लड़की के परिजनों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज नहीं किया है, बल्कि दूल्हे के साथ मारपीट के मामले में उन पर केस दर्ज किया गया है. एसडीओपी पुलिस दुर्गेश आर्नों ने मामले की जानकारी दी है.

पुलिस जांच पर टिकी निगाहें

इस पूरी घटना के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. यदि युवती बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है, तो फिर दिनदहाड़े उसके परिजनों ने ऐसी हरकत क्यों की? सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या तंजीम को उसकी मर्जी के खिलाफ ले जाया गया है? अब सबकी नजरें पुलिस की जांच पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे मामले की असल तस्वीर साफ हो पाएगी.