खड़गे के कार्यक्रम के बाद हुआ 'शुद्धिकरण'? राहुल गांधी बोले- PM मोदी FIR का आदेश दें

न्यूज तक डेस्क

• 01:34 PM • 29 Aug 2026

राहुल गांधी ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण वाली जगह के कथित 'शुद्धिकरण' को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा. उन्होंने इसे छुआछूत से जोड़ते हुए असंवैधानिक बताया. राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में FIR दर्ज कराने के आदेश देने की मांग की और दलित भेदभाव की कई घटनाओं का उल्लेख किया.

NewsTak
Google CTA

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड के हल्द्वानी दौरे से जुड़े एक मामले का जिक्र किया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जिस जगह खड़गे ने भाषण दिया था, वहां बाद में 'शुद्धिकरण' किया गया.

Read more!

राहुल गांधी ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग की. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए जाने चाहिए.

हल्द्वानी में खड़गे के कार्यक्रम का किया जिक्र

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हल्द्वानी के रामलीला मैदान में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. उनके मुताबिक, खड़गे के भाषण के बाद उसी जगह का 'शुद्धिकरण' किया गया.

राहुल गांधी ने कहा कि अगर देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार हो सकता है, तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम लोगों और खासकर दलितों के साथ कई जगहों पर क्या होता होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले को गंभीरता से लेने और FIR की कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की.

'शुद्धिकरण छुआछूत का दूसरा नाम'

राहुल गांधी ने शुद्धिकरण की रस्म को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उनके नजरिए से इस तरह का शुद्धिकरण छुआछूत का ही एक रूप है. उन्होंने कहा कि संविधान में छुआछूत को गैरकानूनी बनाया गया है.

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि किसी व्यक्ति के किसी स्थान पर जाने के बाद शुद्धिकरण करने का अर्थ उसे अशुद्ध या अछूत मानना है. उन्होंने इसे संविधान की भावना के खिलाफ बताया.

गांवों से शहरों तक भेदभाव का आरोप

राहुल गांधी ने दावा किया कि दलितों के साथ भेदभाव सिर्फ गांवों तक सीमित नहीं है. शहरों में भी ऐसी घटनाएं देखने को मिलती हैं.

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ जगहों पर दलितों को कुएं से पानी लेने से रोका जाता है. वहीं, चाय की दुकानों पर अलग-अलग कप दिए जाने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं.

राजस्थान और उत्तराखंड का भी किया जिक्र

राहुल गांधी ने राजस्थान और उत्तराखंड से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया. उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस विधायक दल के नेता के मंदिर जाने के बाद मंदिर का 'शुद्धिकरण' किया गया था.

उनका कहना था कि मंदिर में किसी दलित नेता या व्यक्ति के जाने के बाद शुद्धिकरण किया जाना इस बात का संकेत है कि उसे अशुद्ध माना गया.

स्कूलों में दलित बच्चों से भेदभाव का दावा

राहुल गांधी ने कहा कि संविधान ने छुआछूत पर रोक लगा रखी है, लेकिन इसके बावजूद देश के कई हिस्सों में दलितों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आती हैं.

उन्होंने दावा किया कि कुछ स्कूलों में दलित बच्चों से शौचालय साफ कराने, झाड़ू लगाने और पोछा लगाने जैसे काम कराए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं.

राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में सामाजिक भेदभाव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है. उन्होंने हल्द्वानी की घटना को इसी व्यापक मुद्दे से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री से कार्रवाई की मांग की.